Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

CG CM Oath Ceremony : विष्णुदेव साय आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद की लेंगे शपथ, पीएम मोदी-शाह बनेंगे साक्षी

Follow on Google News
CG CM Oath Ceremony : विष्णुदेव साय आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद की लेंगे शपथ, पीएम मोदी-शाह बनेंगे साक्षी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य बुधवार यानी आज शपथ ग्रहण करेंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वरिष्ठ बीजेपी नेता और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। शपथ ग्रहण समारोह शाम चार बजे राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित किया जाएगा।

ऐतिहासिक होने वाला है शपथ ग्रहण : साव

भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अरुण साव ने बताया कि विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह एक ‘‘ऐतिहासिक'' कार्यक्रम होगा। साव ने कहा, ‘‘छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा पर भरोसा दिखाया है। जिस प्रकार से पार्टी को ऐतिहासिक जीत मिली है, शपथ ग्रहण समारोह भी ऐतिहासिक होने वाला है।''

नई कैबिनेट का हो सकता है खुलासा

भाजपा ने रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और छत्तीसगढ़ में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम कर चुके आदिवासी नेता साय (59) को नए मुख्यमंत्री के रूप में चुना। नई कैबिनेट में किसे शामिल किया जाएगा और क्या राज्य में दो उप मुख्यमंत्री होंगे, इन अटकलों के बीच साव ने कहा, ‘‘शपथ लेने वाले नेताओं की संख्या के बारे में समय आने पर जानकारी मिल जाएगी।'' राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आज शाम चार बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें 50 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी होंगे शामिल

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, अन्य राज्यों के वरिष्ठ भाजपा नेता, प्रतिष्ठित हस्तियां और बुद्धिजीवी समारोह में शामिल होंगे। साथ ही भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए विपक्ष (कांग्रेस) सहित राज्य के सभी राजनीतिक दलों को आमंत्रित किया गया है।

भोपाल से रायपुर पहुंचेंगे पीएम मोदी

एक अधिकारी ने बताया कि समारोह में सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगभग एक हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 2 बजकर 15 मिनट पर भोपाल से रवाना होकर 3 बजकर 20 मिनट पर राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री साइंस कॉलेज के मैदान में शाम 4 बजे मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे तथा शाम 5 बजकर 25 मिनट पर रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

कार्यक्रम के लिए बनाए तीन विशाल मंच

शपथ ग्रहण समारोह के लिए तीन विशाल मंच बनाए गए हैं, जिसमें मध्य के मंच में शपथ ग्रहण होगा तथा एक ओर आमंत्रित किए गए VIP अतिथि तथा दूसरी ओर नवनिर्वाचित विधायकों के लिए मंच होगा। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल में विशिष्ट अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों और आमजनों के बैठने के लिए अलग-अलग सेक्टर बनाए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि अधिक से अधिक लोग शपथग्रहण देख सके इसके लिए ‘एलईडी' स्क्रीन भी लगाई गई हैं। भाजपा के सूत्रों ने बताया कि नई मंत्रिमंडल में नए और पुराने नेताओं को शामिल किया जासकता है। नियम के मुताबिक, छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 13 मंत्री हो सकते हैं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की कुल 90 विधानसभा सीट में से 54 सीट जीतीं। 2018 में 68 सीट जीतने वाली कांग्रेस इस बार 35 सीट पर सिमट गई है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी एक सीट जीतने में कामयाब रही।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts