Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गर्भवती के प्राइवेट पार्ट में डाला लोहे का औजार…शरीर पर मिले 16 घाव, हैवान पति की करतूत से मां-गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत

छत्तीसगढ़ के सरगुजा में गर्भवती महिला की हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। पति ने बेरहमी से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल किया, जिससे महिला और गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। आरोपी अस्पताल में शव छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शरीर पर मिले 16 घाव, हैवान पति की करतूत से मां-गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मणिपुर थाना क्षेत्र में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। यहां एक युवक ने अपनी ही तीन महीने की गर्भवती पत्नी के साथ बेरहमी की सारी हदें पार कर दीं। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद आरोपी पति शव को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया।

घर के अंदर हुई हैवानियत

जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के पास भिठीकला गांव में रहने वाली 23 वर्षीय हीराबाई के साथ उसके पति ने बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि, पति प्रदीप अगरिया ने पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, फिर उसके प्राइवेट पार्ट में लोहे की रेती (औजार) डाल दिया। जब वह बेसुध हो गई, तब उसे घसीटते हुए घर से बाहर निकाला। पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच में घर के कमरे और दरवाजे के पास खून जमा मिला। घर के अंदर सामानों पर भी खून के छींटे पाए गए, जिससे साफ है कि वारदात बेहद क्रूर तरीके से अंजाम दी गई।

अस्पताल पहुंचकर बनाई झूठी कहानी

वारदात के बाद आरोपी पत्नी को बाइक में बांधकर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचा। वहां उसने डॉक्टरों को बताया कि उसकी पत्नी सड़क हादसे में घायल हुई है। हालांकि, जांच के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही मौत की पुष्टि हुई, आरोपी मौके से फरार हो गया और शव अस्पताल में ही छोड़ दिया।

chhattisgarh crime news

पोस्टमार्टम में चौंकाने वाले खुलासे

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस मामले की क्रूरता को उजागर कर दिया। महिला के शरीर पर करीब 16 से 18 गंभीर चोटों के निशान पाए गए। वह तीन महीने की गर्भवती थी। जांच में पता चला कि, अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हुई। डॉक्टरों के अनुसार, उसे अंदरूनी रूप से इतनी गंभीर चोटें पहुंचाई गईं कि उसकी और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की जान बचाना संभव नहीं था।

बच्चों के सामने हुई वारदात

इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि दंपति के बच्चे भी घर पर मौजूद थे। उनकी पांच साल की बेटी ने पुलिस को बताया कि, उसके पिता ने मां के साथ मारपीट की। बच्चे डर के मारे सहमे रहे और किसी तरह मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन समय पर कोई सहायता नहीं मिल सकी।

Breaking News

6 साल पहले किया था प्रेम विवाह

बताया जा रहा है कि हीराबाई और प्रदीप ने करीब 6 साल पहले प्रेम विवाह किया था। उनके चार बच्चे हैं, जिनमें दो जुड़वा बच्चे भी शामिल हैं। परिजनों के अनुसार, आरोपी पति अक्सर शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था और पहले भी हिंसा की घटनाएं सामने आ चुकी थीं।

पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की तलाश

सरगुजा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई है, जो फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि, आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts