'छपरी लड़कों का फेवरेट फेस्टिवल होली...' अपमानजनक कॉमेंट करने पर फंसीं फराह खान, हिंदुस्तानी भाऊ ने दर्ज कराई FIR

मुंबई। बॉलीवुड फिल्म निर्माता और कोरियोग्राफर फराह खान हिंदुओं के पवित्र त्योहार होली को लेकर अपमानजनक कॉमेंट करने पर विवादों में बुरी तरह फंस गई हैं। फराह खान पर 21 फरवरी को धार्मिक भावनाओं को आहत करने के संबंध में एफआईआर दर्ज कराई गई है। यह शिकायत हिंदूस्तानी भाऊ (विकास पाठक) ने दर्ज कराई है, जिसमें उनके दिए गए विवादित बयान के खिलाफ एक्शन लेने की मांग की है।
बता दें कि फराह खान इस वक्त फेमस शो सेलिब्रेटी मास्टरशेफ की होस्ट हैं, इसी दौरान उन्होंने एक विवादित बयान देते हुए होली को छपरी लड़कों का फेवरेट फेस्टिवल बताया था।
फराह के खिलाफ एक्शन की मांग
फराह के खिलाफ मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। हिंदुस्तानी भाऊ के वकील अली काशिफ खान का कहना है कि फराह खान ने लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। होली के त्योहार को 'छपरी' बताकर फराह ने सही नहीं किया है। एक त्योहार के लिए 'छपरी' शब्द का इस्तेमाल करना गलत है। छपरी शब्द अपमानजनक शब्दों में आता है। दर्ज शिकायत में फराह के खिलाफ बीएनएस की धारा 196, 299, 302 और 353 के खिलाफ एक्शन लिए जाने की मांग की है। फिलहाल, इन सभी के ऊपर फराह का कोई बयान नहीं आया है।





















