Raipur:SI भर्ती परीक्षाओं का टकराव खत्म,CM साय के निर्देश पर बदली SI-प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा की तारीख

रायपुर: छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत की खबर है। शिक्षक भर्ती परीक्षा और सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा की तारीखों में हो रहा टकराव अब खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संज्ञान लेने और अधिकारियों को आवश्यक बदलाव के निर्देश देने के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने SI मुख्य परीक्षा की संशोधित तारीखें जारी कर दी हैं। अब यह परीक्षा 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को आयोजित होगी।
यह भी पढ़ें: Bilaspur: मुस्लिम कानून में Hiba पर हाई कोर्ट का बड़ा फैसला,सिर्फ रजिस्ट्री काफी नहीं, कब्जा देना भी जरूरी
एक ही दिन पड़ रही थीं दो अहम परीक्षाएं
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तारीखें तय की गई थीं। इसी बीच 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी प्रस्तावित थी। दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी परेशानी बन गई थी। एक ही तारीख पर परीक्षा होने के कारण अभ्यर्थियों को किसी एक परीक्षा का मौका छोड़ने की आशंका थी।
CM साय ने लिया तुरंत संज्ञान
अभ्यर्थियों की परेशानी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा तारीखों के टकराव की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। इसके बाद CGPSC ने मुख्य परीक्षा के कार्यक्रम में बदलाव किया। अब सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 का आयोजन 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को किया जाएगा। तारीख बदलने से दोनों भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है।
यह भी पढ़ें: Raipur: अरुण पन्नालाल के बेटे पर गंभीर आरोप, ACB-EOW तक पहुंची शिकायत, मशीन सप्लाई में करोड़ों के खेल का दावा
युवाओं का हित सर्वोपरि: CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि युवाओं का हित सरकार के लिए सर्वोपरि है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा वर्षों तक मेहनत करते हैं। ऐसे में केवल परीक्षा तारीखों के टकराव के कारण किसी पात्र अभ्यर्थी को एक अवसर से वंचित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की आकांक्षाओं के प्रति संवेदनशील है और उनके भविष्य से जुड़े मामलों में समय पर जरूरी निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्य परीक्षा के लिए फिर करना होगा ऑनलाइन आवेदन
CGPSC ने मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हित अभ्यर्थियों को अलग से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दी है। आवेदन और परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी आयोग की ओर से अलग से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से संबंधित नई सूचना और अपडेट के लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।
अभ्यर्थियों को मिली बड़ी राहत
परीक्षा तारीख बदलने के फैसले से उन युवाओं को सबसे ज्यादा राहत मिली है, जो शिक्षक भर्ती परीक्षा के साथ-साथ पुलिस विभाग की सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। अब उन्हें किसी एक परीक्षा को छोड़ने की मजबूरी नहीं होगी। मुख्यमंत्री साय ने आगामी भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य और सफलता की शुभकामनाएं दी हैं।












