Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

विदिशा में हादसा :सांची जा रहे अशोकनगर के स्कूली बच्चों की बस सूखी नदी में गिरी, कई घायल

अशोकनगर जिले के बहादुरपुर हायर सेकंडरी स्कूल के बच्चों की बस गंजबासौदा के पास जोहद गांव की सूखी नदी में गिर गई। दुर्घटना में कई बच्चे घायल हुए। इनमें से 10 का इलाज विदिशा मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है।
सांची जा रहे अशोकनगर के स्कूली बच्चों की बस सूखी नदी में गिरी, कई घायल
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    विदिशा। रविवार को दोपहर को नटेरन थाना अंतर्गत जोहद गांव के पास अशोकनगर के बहादुरपुर स्कूल के बच्चों की बस एक सूखी नदी में गिर गई। दुर्घटना में कई बच्चे घायल हो गए। इनमें से 10 बच्चों को इलाज के लिए विदिशा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। बहादुरपुर स्कूल के 49 छात्र, 4 अध्यापकों के साथ प्राइवेट स्कूल जेजीएम की बस क्रमांक एमपी 67 पी 0113 से  सांची भ्रमण पर विदिशा के लिए रवाना हुए थे। ग्राम जोहद के पास सगड़ा नदी के बिना रेलिंग वाले पुल से बस नीचे जा गिरी जिसमें छात्र व स्टाफ को  चोट आई। घायलों को राजीव गांधी अस्पताल गंजबासौदा इलाज के लिए भेजा गया।

    सभी को सुरक्षित बाहर निकाला

    नटेरन एसडीएम अजय प्रताप सिंह पटेल ने बताया कि ग्राम जोहद में  रविवार की सुबह लगभग साढ़े दस बजे एक स्कूली बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना अचानक वाहन असंतुलित होने के कारण हुई। दुर्घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों एवं स्थानीय प्रशासन की सहायता से सभी बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया। घटना में किसी भी प्रकार से जन हानि नहीं हुई है। प्रशासन की पहल पर घायल बच्चों को अविलंब इलाज हेतु अस्पताल पहुंचाया गया है। बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। एहतियातन सभी बच्चों को प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सकीय जांच हेतु गंजबासौदा  और 10 बच्चों को उपचार हेतु विदिशा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

    अस्पताल पहुंचे विदिशा एसडीएम

    ग्राम जोहद में हुई बस दुर्घटना को तत्काल संज्ञान में लेते हुए  कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने घायल बच्चों के समुचित एवं त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सकों को विशेष निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देशित किया कि सभी बच्चों को आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं। इसी क्रम में विदिशा एसडीएम  क्षितिज शर्मा ने मेडिकल कॉलेज में पहुंचकर उपचाररत बच्चों की स्थिति का जायजा लिया तथा अस्पताल प्रबंधन को समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और परिजनों से भी संवाद किया।

    मेडिकल कॉलेज में ये इलाजरत

    मेडिकल कॉलेज में छात्र अभिषेक यादव, अमित यादव, रविन्द्र साहू, योेगेश पाल, विकास अहिरवार, भूपेन्द्र कुशवाह, अभिषेक अहिरवार, प्रदीप कुशवाह, सचिन प्रजापति, रेहान खां का इलाज किया जा रहा है। प्रशासन ने घटना की जानकारी बच्चों के अभिभावकों को देकर मौके की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बासौदा अस्पताल में मौके पर बासौदा के प्रभारी एसडीएम  मनीष जैन, जिला शिक्षा अधिकारी एवं नटेरन व बासौदा तहसीलदार और स्टाफ मौजूद रहा।

    यहां पहले भी हो चुकी हैं दुर्घटनाएं

    ग्रामीणों ने बताया पल पर रेलिंग नहीं होने के कारण यहां पर कई बार  दुर्घटना हो चुकी हैं। अगर पुल पर रेलिंग लगी होती तो यह हादसा नहीं होता। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार इसकी मांग की गई लेकिन ध्यान नहीं दिया गया।   

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts