बुरहानपुर में सेक्स रैकेट का पर्दाफाश; ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस, मां-बेटे समेत तीन पर केस

बुरहानपुर। जिले के प्रतापपुरा क्षेत्र में पुलिस ने सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। जिला पुलिस प्रशासन की ओर से अवैध गतिविधियों और देह व्यापार में संलिप्त लोगों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शिकारपुरा पुलिस ने बोरवाड़ी (प्रतापपुरा) स्थित एक आवासीय परिसर में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मां-बेटे समेत एक ग्राहक के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
मुखबिर की सूचना पर बनाई विशेष टीम
पुलिस के अनुसार रविवार को थाना शिकारपुरा को सूचना मिली थी कि बोरवाड़ी प्रतापपुरा में 'चस्का चाय' के पास स्थित एक मकान में कथित तौर पर देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। एसपी आशुतोष बागरी के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप सेंडे तथा नगर पुलिस अधीक्षक गौरव पाटिल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप चौरसिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। कार्रवाई के लिए एक प्रधान आरक्षक को छद्म ग्राहक बनाकर मकान में भेजा गया।
छद्म ग्राहक के संकेत पर पुलिस ने मारा छापा
पुलिस के मुताबिक छद्म ग्राहक द्वारा संकेत दिए जाने के बाद टीम ने संबंधित मकान पर दबिश दी। तलाशी और प्रारंभिक पूछताछ में 55 वर्षीय महिला के अपने मकान का उपयोग कथित तौर पर देह व्यापार के लिए कमरों की व्यवस्था और मध्यस्थता करने में किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने महिला के पास से छद्म ग्राहक द्वारा दिए गए 500-500 रुपये के दो हस्ताक्षरित नोट भी बरामद किए।
ये भी पढ़ें: गोदभराई के 4 दिन बाद 7 महीने की गर्भवती की मौत, फौजी पति समेत सास-ससुर गिरफ्तार; मायके वालों ने मांगी फांसी
मां के साथ अवैध गतिविधि में सहयोग का आरोप
जांच के दौरान महिला के 34 वर्षीय पुत्र शेख शाहरुख की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के अनुसार वह कथित अवैध गतिविधि में अपनी मां का सहयोग करता पाया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से चार पैकेट कंडोम बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से एक पुरुष और एक महिला को आपत्तिजनक स्थिति में पाया, जबकि परिसर में तीन अन्य महिलाएं भी मौजूद थीं।
मां-बेटे समेत ग्राहक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में महिला, उसके पुत्र शेख शाहरुख और ग्राहक शेख फिरोज, पिता शेख इमाम, उम्र 40 वर्ष, निवासी राजीव नगर को आरोपी बनाया है। थाना शिकारपुरा में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले से जुड़ी महिलाओं की पहचान गोपनीय रखते हुए उनके बयान दर्ज किए हैं और नियमानुसार आगे की कानूनी एवं सुधारात्मक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: जबलपुर स्टेशन पर खड़े कोच में अचानक लगी भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका
इन पुलिसकर्मियों की भूमिका रही अहम
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप चौरसिया, उप निरीक्षक राधिका सोलंकी, उप निरीक्षक दिलीप सिंह, प्रधान आरक्षक अमर पवार, प्रधान आरक्षक विजय बडकारे, महिला आरक्षक रिया पटवा, आरक्षक विनोद परिहार और आरक्षक महेंद्र प्रताप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।












