बुधनी :हरी सब्जियों और स्नैक्स की बोरियों के नीचे छिपी मिली 7 लाख की शराब, पुलिस देख बोलेरो छोड़ जंगल में भागा तस्कर

सीहोर। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बुधनी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्नैक्स सामग्री और हरी सब्जियों की क्रेटों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही 1187.28 लीटर अवैध अंग्रेजी एवं देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने शराब से भरी बोलेरो पिकअप, स्नैक्स सामग्री और सब्जी परिवहन क्रेट सहित करीब 11 लाख रुपये का माल जब्त किया है। हालांकि पुलिस की घेराबंदी के दौरान वाहन चालक मौके का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस फरार आरोपी और पूरे शराब तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे तथा एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में थाना बुधनी पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोपाल की ओर से एक बोलेरो पिकअप (क्रमांक MP05G7385) में स्नैक्स सामग्री की बोरियों के नीचे अवैध शराब छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गडरिया नाला क्षेत्र में रणनीतिक तरीके से घेराबंदी कर वाहन को रोकने की तैयारी की।
पुलिस को देखते ही तेज रफ्तार से भागा चालक
घेराबंदी के दौरान पुलिस को देखकर वाहन चालक ने बोलेरो की रफ्तार बढ़ा दी और रेलवे स्टेशन की ओर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन रेलवे स्टेशन के सामने चालक वाहन छोड़कर झाड़ियों और जंगल का सहारा लेकर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर मौके पर पंचों की उपस्थिति में विधिवत तलाशी शुरू की।
हरी सब्जियों और स्नैक्स की आड़ में छिपाई गई थी शराब
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस भी उस समय हैरान रह गई जब स्नैक्स की बोरियों और हरी सब्जियों के परिवहन में उपयोग होने वाली प्लास्टिक क्रेटों के नीचे भारी मात्रा में अंग्रेजी और देशी शराब छिपाकर रखी मिली। गिनती करने पर कुल 1187.28 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 6 लाख 46 हजार 248 रुपये आंकी गई है।
11 लाख रुपये का माल किया जब्त
शराब के अलावा पुलिस ने शराब को छिपाने में उपयोग की गई लगभग 18 बोरी स्नैक्स सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 14 हजार रुपये है, 15 सब्जी परिवहन क्रेट और परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया। वाहन सहित कुल जब्त सामग्री का मूल्य लगभग 11 लाख रुपये बताया गया है।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर : फांसी लगाने जा रही युवती की जान बचाने वाली पुलिस टीम को एसपी ने किया सम्मानित
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
थाना बुधनी पुलिस ने फरार वाहन चालक के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसकी सप्लाई किस स्थान पर की जानी थी। इसके साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
एसडीओपी रवि शर्मा का कहना है कि यह केवल शराब की एक खेप नहीं, बल्कि संगठित तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। इसलिए जब्त वाहन के स्वामित्व, शराब के स्रोत, परिवहन मार्ग और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फरार चालक की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें: दमोह में ट्रैफिक नियमों पर सख्ती: हेलमेट न पहनने पर 7 पुलिसकर्मियों के कटे चालान












