ईरान पर नया हमला करने को लेकर ट्रंप और नेतन्याहू फोन पर एक-दूसरे से चिल्लाए, इजराइल चाहता है ईरान की सत्ता में बदलाव

तेल अवीव। कुछ दिन पहेल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच फोन पर तीखी बातचीत हुई। यह बातचीत ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू करने को लेकर हुए मतभेदों के बीच हुई। नेतन्याहू चाहते हैं कि ईरान पर फिर हमला किया जाए जबकि ट्रंप अब डिप्लोमेसी को बढ़ाना चाहते हैं। इजराइली अखबार 'वायनेट' (Ynet) और 'येदिओथ अहरोनोथ' (Yedioth Ahronoth) के मुताबिक नेतन्याहू ने ट्रंप पर युद्ध फिर से शुरू करने का दबाव डाला। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति ने राजनयिक प्रयासों को जारी रखने और तेहरान के साथ बातचीत को आगे बढ़ने का मौका देने का पक्ष लिया। इस बातचीत की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने इसे असामान्य रूप से तनावपूर्ण बताया। एक सूत्र ने तो इसे बेहद भयानक और तीखी बहस (shouting match from hell) तक कह दिया।
यह भी पढ़ें: ईरान पर फिर हमले की तैयारी में अमेरिका, ट्रंप बोले- 10 मिनट में निशाना बना सकते हैं एक-दो परमाणु ठिकानों को
ट्रंप ने सैन्य कार्रवाई की संभावना को कम बताया
इस बीच ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से फिर से सैन्य कार्रवाई की संभावना को कम करके आंका है। रविवार को प्रसारित सीबीएस के '60 मिनट्स' कार्यक्रम के एक इंटरव्यू के दौरान, उनसे पूछा गया कि क्या उनकी योजना अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के बाद संघर्ष को और बढ़ाने की है। ट्रंप ने कहा- मेरा ऐसा कोई इरादा नहीं है। मुझे नहीं लगता कि ऐसा करने का कोई कारण है। उन्होंने शुरुआती सैन्य अभियान शुरू करने के फैसले का बचाव किया और कहा कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की इजाजत नहीं दी जा सकती। कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी के साथ बैठक के बाद भी ट्रंप यही दोरहाया।
सामान्य बातचीत बताया, बहस से इंकार किया
इधर नेतन्याहू के कार्यालय ने इन खबरों को खारिज करते हुए इन्हें फर्जी खबर और पूरी तरह बकवास बताया। इजराइल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई थी, लेकिन उन्होंने इस बात से इनकार किया कि बातचीत में कोई टकराव हुआ था। यह मतभेद ऐसे समय में सामने आया है जब वॉशिंगटन और यरुशलम के बीच इस बात को लेकर असहमति है कि इस संघर्ष में आगे क्या कदम उठाए जाएं। जहां नेतन्याहू का तर्क है कि ईरान से खतरे को खत्म करने के लिए सैन्य कार्रवाई और वहां की सत्ता में बदलाव जरूरी है। वहीं, ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह कूटनीति और आर्थिक दबाव को और अधिक समय देना चाहते हैं।
इजराइली संसद ने कहा- ईरान बढ़ा रहा परमाणु क्षमता
इधर, 26वीं नेसेट (इजराइली संसद) को संबोधित करते हुए, नेतन्याहू ने कहा था कि ईरान अपनी परमाणु क्षमताओं को फिर से बनाने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने तर्क दिया कि इस खतरे से स्थायी रूप से निपटने का एकमात्र तरीका मौजूदा शासन को हटाना है। उन्होंने कहा- ईरान परमाणु खतरे को फिर से खड़ा करने के लिए काम कर रहा है। इस अस्तित्व के खतरे को स्थायी रूप से खत्म करने का एकमात्र तरीका अयातुल्ला शासन को उखाड़ फेंकना है।
कहा- ईरान पर दबाव को जारी रखेंगे
इधर, व्हाइट हाउस ने फॉक्स न्यूज डिजिटल से कहा है कि अमेरिका मजबूत स्थिति में है और ईरान के खिलाफ अपना आर्थिक और सैन्य दबाव अभियान जारी रखेगा। व्हाइट हाउस ने आगे कहा- राष्ट्रपति ने स्पष्ट कर दिया है कि इतिहास की सबसे बड़ी नौसैनिक नाकेबंदी, ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट और नया ऑपरेशन आयरन गेट पूरी तरह से जारी रहेंगे। होर्मुज जलडमरूमध्य पर उसका नियंत्रण है और ईरान की अर्थव्यवस्था ढह रही है।




















