इंदौर में कार से मिला 80 लाख रुपए का कैश:दो युवक हिरासत में,हवाला नेटवर्क से जुड़ने की आशंका

इंदौर के कनाड़िया क्षेत्र में खाली मैदान में खड़ी कार से पुलिस ने 80 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। मौके से तिलक गामी और मनोज गामी को हिरासत में लिया गया है। दोनों रकम का संतोषजनक हिसाब नहीं दे पाए। पुलिस हवाला कनेक्शन की जांच कर रही है। इससे पहले भी इंदौर में नमकीन के पार्सल, दीवार के गुप्त चैंबर और बैग से करोड़ों की संदिग्ध नकदी पकड़ी जा चुकी है।
इंदौर में कार से मिला 80 लाख रुपए का कैश:दो युवक हिरासत में,हवाला नेटवर्क से जुड़ने की आशंका

इंदौर  - कनाड़िया थाना क्षेत्र में खाली मैदान में खड़ी एक कार से करीब 80 लाख रुपए नकद मिलने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। इतनी बड़ी रकम कार में रखकर ले जाने वाले दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। शुरुआती पूछताछ में दोनों युवक नकदी के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाए। पुलिस ने मौके से तिलक गामी और मनोज गामी नाम के दो युवकों को हिरासत में लेकर नकदी जब्त कर ली है। दोनों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रकम किसकी है, कहां से लाई गई थी और इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। इतनी बड़ी नकदी मिलने के बाद मामले में हवाला कारोबार का संभावित एंगल भी जांच के दायरे में है। हालांकि, अभी तक हवाला कनेक्शन की पुष्टि नहीं हुई है।

ये भी पढ़ें: जबलपुर में शिक्षकों पर दोहरी जिम्मेदारी, जनगणना और छमाही परीक्षाएं एक साथ; पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका

इंदौर में हवाला कारोबार का पुराना रिकॉर्ड भी चौंकाने वाला

इंदौर में हवाला कारोबार से जुड़ी बड़ी रकम पकड़े जाने का यह पहला मामला नहीं है। शहर में पहले भी पुलिस और आयकर विभाग अलग-अलग कार्रवाइयों में करोड़ों रुपए की नकदी, सोना और संदिग्ध लेनदेन से जुड़े दस्तावेज बरामद कर चुके हैं। कई मामलों में रकम छिपाने और एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए गए थे।

ये भी पढ़ें: भिंड में सिंधिया से मिलने जा रहे हाईवे संघर्ष समिति के दो समाजसेवी गिरफ्तार, संत समाज नाराज; बड़े आंदोलन की चेतावनी

मई 2025 में नमकीन के पैकेटों के नीचे मिले थे 1.30 करोड़ रुपए

इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में मई 2025 में पुलिस ने हवाला कारोबार से जुड़ी आशंका वाले एक बड़े मामले का खुलासा किया था। राजरतन ट्रैवल्स की बस के जरिए मुंबई भेजे जा रहे पार्सल में 1 करोड़ 30 लाख 50 हजार रुपए मिले थे। खास बात यह थी कि नकदी को नमकीन के पैकेटों के नीचे छिपाकर रखा गया था। ट्रैवल्स कार्यालय के कर्मचारी को शक होने पर पार्सल की जांच की गई और मामला पुलिस तक पहुंचा।

ये भी पढ़ें: मैं जो कुछ भी हूं, नेहरू-गांधी परिवार की वजह से हूं सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के 18वें दिन बोले दिग्विजय सिंह

2024 में हवाला और हुंडी कारोबार पर आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई

जून 2024 में आयकर विभाग ने इंदौर, रतलाम और खरगोन में एक साथ कार्रवाई की थी। इस दौरान करीब 25 करोड़ रुपए की नकदी, सोना, हीरे और अन्य कीमती सामान जब्त किए जाने की खबर सामने आई थी। इंदौर में कटारिया फाइनेंस से जुड़े ठिकानों पर भी कार्रवाई हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, इंदौर में करीब 5 करोड़ रुपए नकद और 13 किलो सोना बरामद किया गया था।

ये भी पढ़ें: गुना पुलिस को बड़ी सफलता: 1.20 लाख का इनामी अभिषेक पारदी 62 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार, अपाचे बाइक भी जब्त

2021 में दीवार के अंदर बना रखा था गुप्त तहखाना

अगस्त 2021 में इंदौर एसटीएफ ने जावरा कंपाउंड के नाकोड़ा कॉम्प्लेक्स स्थित एक फ्लैट में कार्रवाई कर 70 लाख 10 हजार रुपए बरामद किए थे। यह रकम दीवार के भीतर बनाए गए गुप्त चैंबर में छिपाई गई थी। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया था। जांच में हवाला की रकम को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए विशेष इंतजाम किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी।

ये भी पढ़ें: पिपरिया में 54 वर्षीय ओमकार पटेल की हत्या का खुलासा, शराब के नशे में हुए विवाद के बाद दो आरोपी गिरफ्तार

2015 में माणिकबाग ब्रिज के पास पकड़े गए थे 50 लाख रुपए

मार्च 2015 में जूनि इंदौर पुलिस ने माणिकबाग ब्रिज के पास एक युवक को रोककर तलाशी ली थी। उसके पास मौजूद बैग से 50 लाख 50 हजार रुपए से अधिक की रकम मिली थी। शुरुआती पूछताछ में युवक ने हवाला नेटवर्क के लिए काम करने की बात बताई थी। पुलिस को रकम सराफा बाजार में पहुंचाए जाने की जानकारी मिली थी।इन पुराने मामलों से साफ है कि इंदौर में हवाला कारोबार की आशंका को लेकर पहले भी कई बड़ी जांच और कार्रवाई हो चुकी हैं। कभी बस के पार्सल, कभी दीवार में बने गुप्त चैंबर तो कभी बैग के जरिए नकदी पहुंचाने के मामले सामने आए हैं।

ये भी पढ़ें: भोपाल में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा, पड़ोस में रहने वाली महिला ने जेवरों के लालच में ली जान; पूछताछ में कबूला जुर्म

अब कनाड़िया के 80 लाख रुपए की जांच पर नजर

ताजा मामले में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि कार में रखे 80 लाख रुपए कहां से आए और इनका इस्तेमाल किस काम के लिए होना था। पुलिस हिरासत में लिए गए तिलक गामी और मनोज गामी से पूछताछ कर रही है।जांच में यह भी महत्वपूर्ण होगा कि दोनों के मोबाइल फोन, बैंक खातों और संपर्कों से क्या जानकारी मिलती है। क्या यह रकम किसी कारोबारी लेनदेन से जुड़ी है या इसके पीछे हवाला नेटवर्क काम कर रहा है? इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...

Latest Posts