PU Special :भोपाल में बॉडी शेमिंग के कारण टूटने की कगार पर पहुंचा रिश्ता, पत्नी ने पति के गंजेपन और शक्ल-सूरत पर बनाए ताने; अमेरिका की नौकरी छोड़ने से भी थी नाराज

पल्लवी वाघेला, भोपाल। फेसबुक पर दोस्ती हुई, बातचीत प्यार में बदली और फिर दोनों ने धूमधाम से शादी कर ली। लेकिन चार साल बाद यह रिश्ता तलाक की दहलीज पर पहुंच गया। पति का आरोप है कि पत्नी उसके गंजेपन और शारीरिक बनावट को लेकर लगातार ताने मारती थी। अमेरिका में नौकरी का मौका मिलने के बावजूद माता-पिता के पास रहने के लिए बाहर नहीं जाने का फैसला भी पत्नी को पसंद नहीं आया। विवाद इतना बढ़ा कि अब दोनों फैमिली कोर्ट में आमने-सामने हैं। यह मामला केवल एक दंपति के रिश्ते में आई दरार की कहानी नहीं है बल्कि वैवाहिक संबंधों में बॉडी शेमिंग के बढ़ते प्रभाव की ओर भी इशारा करता है। फैमिली कोर्ट के विशेषज्ञों के मुताबिक मध्यप्रदेश में हर साल तलाक के लिए पहुंचने वाले मामलों में करीब 2 प्रतिशत मामलों के पीछे बॉडी शेमिंग एक वजह होती है। विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाली परफेक्ट लाइफ और खूबसूरती की तस्वीरों से पैदा होने वाला FOMO (Fear of Missing Out) भी इस तरह के विवादों को बढ़ावा दे रहा है।
फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती, फिर हुआ प्रेम विवाह
सोशल मीडिया पर शुरू हुई मोहब्बत का अंजाम हमेशा सुखद हो, यह जरूरी नहीं है। शहर के एक युवा बिजनेसमैन का मामला इसकी बानगी है। युवक की चार साल पहले फेसबुक पर एक युवती से दोस्ती हुई थी। दोनों की मुलाकात उस समय हुई, जब वे मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। पहले दोनों ने एक-दूसरे को ऑनलाइन क्लास के दौरान देखा और फिर फेसबुक पर बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे यह सिलसिला मुलाकातों और प्यार में बदल गया। युवक बेहद संपन्न परिवार से है जबकि युवती मध्यमवर्गीय परिवार से आती है। युवती ने अपनी मां का हवाला देते हुए जल्द शादी करने की बात कही। युवक ने भी हामी भर दी और साल 2022 में दोनों ने शादी कर ली। फैमिली कोर्ट में काउंसलिंग के दौरान सामने आया कि शादी का पूरा खर्च युवक और उसके परिवार ने उठाया था। दुल्हन की खरीदारी पर करीब 15 लाख रुपये खर्च किए गए, जबकि परिवार ने बहू को करीब 20 लाख रुपये के गहने उपहार में दिए। हालांकि शादी के बाद खुशियों का यह दौर ज्यादा समय तक नहीं चला।
शादी के दो महीने बाद ही शुरू हो गया विवाद
शादी के महज दो महीने बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गए। बहू के व्यवहार से परेशान ससुराल पक्ष ने बेटे को अलग रहने की सलाह दी। इसके बाद युवक पत्नी के साथ अलग रहने लगा और उसने अपना कारोबार भी अलग से शुरू कर दिया। युवक ने पत्नी को MBA में दाखिला भी दिलवाया। इस दौरान उसका बिजनेस अच्छा चलने लगा। इसी बीच युवक को अमेरिका में नौकरी का अवसर मिला। लेकिन परिवार का इकलौता बेटा होने के कारण उसने विदेश जाने का फैसला नहीं किया। उसके माता-पिता भी यही चाहते थे कि वह उनके साथ रहे। युवक का आरोप है कि उसका यह फैसला पत्नी को नागवार गुजरा और इसी बात को लेकर दोनों के बीच नाराजगी बढ़ने लगी।
गंजेपन और शरीर को लेकर सोशल मीडिया पर बनाए रील्स
युवक का आरोप है कि अमेरिका की नौकरी छोड़ने के फैसले से नाराज पत्नी उस पर दबाव बनाने के लिए सोशल मीडिया पर ऐसी रील्स बनाने लगी, जिनमें उसके गंजेपन और बढ़े हुए वजन का मजाक उड़ाया जाता था। पति के मुताबिक, पत्नी उसकी शक्ल-सूरत और शारीरिक बनावट को लेकर भी ताने मारती थी। लगातार बढ़ते विवाद के बाद पत्नी मायके चली गई। कुछ समय तक इंतजार करने के बाद युवक ने किराये का मकान खाली कर दिया और अपने माता-पिता के साथ रहने लगा। फैमिली कोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक, अब पति किसी भी कीमत पर शादी जारी रखने के लिए तैयार नहीं है। वहीं, पत्नी ने पति के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराने की चेतावनी दी है। फिलहाल दोनों के बीच विवाद फैमिली कोर्ट तक पहुंच चुका है।
इंदौर में भी बॉडी शेमिंग के कारण टूटा रिश्ता
बॉडी शेमिंग से जुड़ा ऐसा ही एक मामला इंदौर में भी सामने आया था। बीते महीने एक दंपति के बीच तलाक की प्रक्रिया पूरी हुई। इस मामले में पत्नी सोशल मीडिया पर अपने मेल फ्रेंड्स के साथ तस्वीरें और रील्स पोस्ट करती थी। पत्नी का कहना था कि पति की शक्ल इस लायक नहीं है कि वह उसके साथ खड़ी हो सके। पति का आरोप था कि पत्नी उसे बार-बार उसकी शक्ल-सूरत को लेकर ताने मारती थी। इन टिप्पणियों से परेशान होकर आखिरकार पति ने 15 लाख रुपये एलिमनी देकर रिश्ता खत्म कर लिया।
खूबसूरती से ज्यादा जरूरी है रिश्ते में सम्मान
फैमिली कोर्ट की काउंसलर शैल अवस्थी के मुताबिक किसी व्यक्ति की शारीरिक बनावट, रंग, वजन, बालों या उम्र को लेकर बार-बार टिप्पणी करना उसे मानसिक रूप से आहत कर सकता है। इस तरह की बातें पार्टनर के आत्मसम्मान को चोट पहुंचाती हैं और धीरे-धीरे रिश्ते में भावनात्मक दूरी बढ़ने लगती है। उनका कहना है कि शादी में शारीरिक आकर्षण से ज्यादा आपसी सम्मान, संवाद, भरोसा और एक-दूसरे की भावनाओं को समझना जरूरी है। किसी भी रिश्ते में पार्टनर की शारीरिक बनावट को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां करने के बजाय उसकी भावनाओं और आत्मसम्मान का ध्यान रखना चाहिए।




















