PU Special :पत्नी के मैसेज का जवाब भी ChatGPT से देने लगे पति, शब्दों में दिखा अपनापन गायब तो रिश्ते में आई दरार; तलाक तक पहुंचा मामला

भोपाल में पति के ChatGPT से मैसेज के जवाब देने की आदत से पत्नी नाराज हो गई। विवाद बढ़ने पर मामला काउंसलिंग सेंटर पहुंचा और पत्नी ने तलाक की मांग कर दी।
पत्नी के मैसेज का जवाब भी ChatGPT से देने लगे पति, शब्दों में दिखा अपनापन गायब तो रिश्ते में आई दरार; तलाक तक पहुंचा मामला
पत्नी के मैसेज का जवाब भी ChatGPT से देने लगे पति

प्रवीण श्रीवास्तव, भोपाल। पति-पत्नी के रिश्ते में बातचीत तो हो रही थी लेकिन शब्दों में पहले जैसा अपनापन नहीं रह गया था। पति के मैसेज सलीकेदार होते, जवाब भी अच्छे होते, लेकिन पत्नी को उनमें अपने साथी की स्वाभाविक भावनाएं महसूस नहीं होती थीं। धीरे-धीरे उसे पता चला कि पति उसके मैसेज का जवाब खुद लिखने के बजाय ChatGPT से तैयार करवाता है। रोजमर्रा के कामों में भी पति की AI पर निर्भरता बढ़ने लगी थी। पत्नी को यह बदलाव इतना खटकने लगा कि दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और आखिरकार मामला तलाक की मांग तक पहुंच गया।

भोपाल के अमित (परिवर्तित नाम) और नेहा (परिवर्तित नाम) का यह मामला अब काउंसलिंग सेंटर तक पहुंच चुका है। अमित बाहर रहता था, इसलिए दोनों की मोबाइल पर बातचीत होती थी। शुरुआत में सब सामान्य था लेकिन समय के साथ नेहा को पति के जवाबों में बदलाव महसूस होने लगा। उसे लगा कि बातचीत में शब्द तो हैं, लेकिन भावनाएं और अपनापन गायब है। जब उसे पता चला कि अमित ChatGPT की मदद से उसके मैसेज के जवाब लिख रहा है, तो नाराजगी और बढ़ गई। यह अपने तरह का इकलौता मामला हो सकता है, लेकिन सोशल मीडिया और AI के बढ़ते इस्तेमाल का असर पति-पत्नी के रिश्तों पर भी दिखाई देने लगा है। काउंसलिंग सेंटरों में तनाव, शक और भावनात्मक दूरी से जुड़े कई मामले पहुंच रहे हैं।

जब रिश्तों में इंसान की जगह लेने लगें मशीन के शब्द

मनोचिकित्सक डॉ. अवंतिका वर्मा के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच बातचीत केवल शब्दों का आदान-प्रदान नहीं होती। इसमें भावनाएं, परिस्थितियां और एक-दूसरे को समझने का अनुभव भी शामिल होता है। जब कोई व्यक्ति हर मैसेज का जवाब AI से तैयार करवाने लगता है, तो भाषा भले ही बेहतर और व्यवस्थित हो जाए, लेकिन उसमें व्यक्ति के अपने मन के भाव और स्वाभाविक प्रतिक्रिया गायब हो सकती है। उनके मुताबिक लगातार इस तरह के जवाब मिलने से पार्टनर को लग सकता है कि सामने वाला उससे दिल से बात नहीं कर रहा है। इससे रिश्ते में शक पैदा हो सकता है और भावनात्मक दूरी बढ़ सकती है। अमित और नेहा के मामले में भी इसी तरह का बदलाव विवाद की वजह बना।

PU Special : भोपाल में ढाई साल की बेटी ने तुड़वाई तलाक की जिद, 'पापा' कहकर थामी उंगली तो भावुक हुआ पिता

AI के तैयार जवाब से भावनात्मक जुड़ाव पर कैसे पड़ता है असर?

जेपी अस्पताल के क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. राहुल शर्मा बताते हैं कि पति-पत्नी के बीच बातचीत में भावनाएं और स्वाभाविक प्रतिक्रियाएं महत्वपूर्ण होती हैं। बातचीत के दौरान मिलने वाला प्यार, भरोसा और सकारात्मक प्रतिक्रिया भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करते हैं। जब बातचीत में व्यक्ति की अपनी भावनाओं की जगह बार-बार AI के तैयार जवाब आने लगते हैं, तो इसका असर आपसी जुड़ाव पर पड़ सकता है। डॉ. शर्मा के मुताबिक इस प्रक्रिया में दिमाग के कुछ रसायन भी भूमिका निभाते हैं।

  • ऑक्सीटोसिन: इसे बॉन्डिंग हार्मोन कहा जाता है। इसका संबंध प्यार, भरोसे, स्पर्श और भावनात्मक नजदीकी से है।
  • डोपामिन: साथी से मिलने वाले प्यार और सकारात्मक प्रतिक्रिया के कारण दिमाग के रिवॉर्ड सिस्टम को सक्रिय करने में भूमिका निभाता है।
  • सेरोटोनिन: मूड और भावनात्मक स्थिरता बनाए रखने में मदद करता है।
  • कोर्टिसोल: रिश्तों में लगातार तनाव, विवाद और असुरक्षा की स्थिति में इसका स्तर बढ़ सकता है।

सोशल मीडिया के कारण भी बढ़ रहे पति-पत्नी के विवाद

जेपी अस्पताल के मनकक्ष में सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद के कई मामले पहुंच रहे हैं। इनमें एक-दूसरे को समय नहीं देना, सोशल मीडिया पर जरूरत से ज्यादा सक्रिय रहना और ऑनलाइन गतिविधियों को लेकर शक करना प्रमुख वजहों में शामिल हैं।

काउंसलिंग के लिए पहुंच रहे मामलों में कुछ इस तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं:

  • पति का रात में देर तक सोशल मीडिया पर व्यस्त रहना और पत्नी को समय नहीं देना।
  • पत्नी का दिनभर रील्स देखने में लगे रहना और परिवार को पर्याप्त समय नहीं देना।
  • पति का सोशल मीडिया पर दूसरी महिलाओं की पोस्ट पर लगातार लाइक और कमेंट करना।
  • पत्नी की दूसरे लोगों से ऑनलाइन चैटिंग को लेकर पति का शक करना।

इन मामलों से पता चलता है कि सोशल मीडिया का बढ़ता इस्तेमाल पति-पत्नी के बीच बातचीत, भरोसे और एक-दूसरे को दिए जाने वाले समय को प्रभावित कर सकता है। अब AI से तैयार मैसेज के इस्तेमाल ने भी रिश्तों में भावनात्मक जुड़ाव को लेकर एक नई तरह की चुनौती खड़ी कर दी है।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts