बेटे ने 75 साल की मां को ट्रेन में बैठाकर छोड़ा, 15 दिन भटकी बुजुर्ग; पुलिस पंचायत में पैर छूकर मांगी माफी

सीहोर में रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बेटे ने अपनी 75 वर्षीय मां को रेलवे स्टेशन पर अज्ञात ट्रेन में बैठा दिया। बुजुर्ग महिला करीब 15 दिन तक अनजान जगह पर परेशान होती रही और किसी तरह वापस घर पहुंची। इसके बाद उसने सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत में शिकायत की। पंचायत की समझाइश के बाद बेटे को अपनी गलती का अहसास हुआ और उसने मां के पैर छूकर माफी मांगी।
रेलवे स्टेशन पर मां को छोड़ आया बेटा, 15 दिन रही परेशान
शहर के बाहरी इलाके में रहने वाली बुजुर्ग महिला ने पुलिस पंचायत को बताया कि बेटा और बहू उसे परेशान करते हैं। एक दिन बेटा उसे रेलवे स्टेशन ले गया और किसी अनजान ट्रेन में बैठा दिया। इसके बाद महिला ऐसी जगह पहुंच गई, जहां से घर लौटना मुश्किल हो गया। करीब 15 दिन तक परेशानियां झेलने के बाद वह किसी तरह वापस लौटी और पुलिस से मदद मांगी।
पुलिस पंचायत ने बेटे को समझाया, मां की देखभाल करना जिम्मेदारी
सुनवाई के दौरान बेटे ने मां के व्यवहार को परेशानी की वजह बताया। इस पर पंचायत ने उसे समझाया कि उम्र बढ़ने के साथ बुजुर्गों के स्वभाव में बदलाव आ सकता है। ऐसे समय में बच्चों को धैर्य और संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। मां को अनजान जगह छोड़ना गंभीर लापरवाही है। उनकी देखभाल और सम्मान करना बच्चों की जिम्मेदारी है।
मां के पैर छूकर मांगी माफी, साथ रखने का दिया भरोसा
पंचायत की समझाइश के बाद बेटे ने अपनी गलती स्वीकार की। उसने मां के पैर छूकर माफी मांगी और भविष्य में उन्हें सम्मान के साथ अपने पास रखने का भरोसा दिया। मां ने भी बेटे को एक और मौका दिया। तय हुआ कि परेशानी होने पर महिला सीधे पुलिस पंचायत को सूचना दे सकेगी।
तीन अन्य मामलों में भी बुजुर्गों को दिलाया न्याय
बैठक में तीन अन्य मामलों की भी सुनवाई हुई। एक महिला को बेटे ने साथ रखने और दवाइयों का खर्च उठाने का भरोसा दिया। दूसरे मामले में 85 वर्षीय महिला को जमीन और फसल में हिस्सा दिलाने के निर्देश दिए गए। वहीं, 95 वर्षीय पिता की जमीन के बंटवारे से जुड़े विवाद पर भी चर्चा हुई।
एएसपी के नेतृत्व में हुई पुलिस पंचायत की बैठक
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर आयोजित बैठक का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने किया। इसमें कोर कमेटी के सदस्य भी मौजूद रहे। बैठक में बुजुर्गों की सुरक्षा, सम्मान और पारिवारिक जिम्मेदारियों से जुड़े मामलों पर सुनवाई की गई।




















