सोहागपुर : फांसी लगाने जा रही युवती की जान बचाने वाली पुलिस टीम को एसपी ने किया सम्मानित

सोहागपुर। नगर पुलिस की त्वरित सूझबूझ, संवेदनशीलता और साहसिक कार्रवाई से एक युवती की जान बच गई। समय रहते मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर युवती को सुरक्षित बाहर निकाला और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस सराहनीय कार्य के लिए जिला पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा ने पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनकी कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की।
युवती कर रही थी आत्महत्या की कोशिश
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनो सोहागपुर पुलिस को तिवारी कॉलोनी स्थित एक मकान में एक युवती द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी के निर्देशन में एएसआई वरुण सिंह, आरक्षक मनोहर दायमा एवं महिला आरक्षक नेहा रघुवंशी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने पहले कई बार दरवाजा खटखटाकर युवती को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
ये भी पढ़ें: आगरा में ऑनर किलिंग का शक! प्रेम विवाह से नाराज पिता ने बेटी का गला घोंटा, कोर्ट मैरिज बनी वजह
दरवाजा तोड़कर कमरे में हुए दाखिल
हालात की नजाकत को देखते हुए आरक्षक मनोहर दायमा ने तत्काल दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। इसके बाद महिला आरक्षक नेहा रघुवंशी ने युवती को सुरक्षित बाहर निकालकर उसे शांत कराया। पुलिस ने समझाइश देते हुए युवती को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की तत्परता, साहस और मानवीय संवेदनशीलता के कारण एक संभावित बड़ी अनहोनी टल गई।
तीन पुलिसकर्मियों को एसपी ने किया सम्मानित
इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्णा एस. थोटा ने एएसआई वरुण सिंह, आरक्षक मनोहर दायमा एवं महिला आरक्षक नेहा रघुवंशी को सम्मानित कर उनके सेवा भाव और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। यह घटना दर्शाती है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय क्षमता से लोगों का जीवन बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
ये भी पढ़ें: दमोह में ट्रैफिक नियमों पर सख्ती: हेलमेट न पहनने पर 7 पुलिसकर्मियों के कटे चालान












