बीयू का बड़ा निर्देश:सब्जेक्ट अपडेट नहीं किए तो नहीं खुलेंगे परीक्षा फार्म

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय ने स्नातक (यूजी) के द्वितीय और तृतीय वर्ष के नियमित और प्राइवेट विद्यार्थियों के लिए अहम सूचना जारी की है। विश्वविद्यालय ने नई शिक्षा नीति के तहत यूजी पाठ्यक्रमों के विषयों को अपडेट किया है। इसके चलते छात्रों को कॉलेज पहुंचकर अपनी कॉलेज आईडी के माध्यम से विषयों को अपडेट कराना होगा। यदि छात्र ऐसा नहीं करते हैं तो उनके परीक्षा फार्म नहीं खुल पाएंगे और वे परीक्षा देने से वंचित रह सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह प्रक्रिया राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत किए गए पाठ्यक्रम बदलावों के कारण शुरू की गई है। इसलिए वर्तमान सत्र में द्वितीय और तृतीय वर्ष में प्रवेश लेने वाले सभी विद्यार्थियों के विषयों को अपडेट करना अनिवार्य कर दिया गया है।
16 मार्च से भर सकेंगे परीक्षा फार्म
विश्वविद्यालय के अनुसार द्वितीय और तृतीय वर्ष के परीक्षा फार्म 16 मार्च से खोले जाएंगे। विद्यार्थी सामान्य फीस के साथ 16 मार्च से 7 अप्रैल तक परीक्षा फार्म जमा कर सकेंगे। इसके बाद भी यदि कोई छात्र फार्म नहीं भर पाता है तो उसे विलंब शुल्क के साथ मौका मिलेगा। 8 से 10 अप्रैल तक 300 रुपए विलंब शुल्क और उसके बाद परीक्षा शुरू होने से तीन दिन पहले तक 1000 रुपए विशेष विलंब शुल्क के साथ फार्म जमा किए जा सकेंगे।
इन कोर्सों के छात्र भर सकेंगे फार्म
विश्वविद्यालय के अनुसार बीए, बीएससी, बीकॉम, बीएससी (होम साइंस), बीए मैनेजमेंट, बीबीए, बीसीए और बीपीईएस पाठ्यक्रमों के द्वितीय और तृतीय वर्ष में पढ़ने वाले नियमित और प्राइवेट छात्र परीक्षा फार्म जमा कर पाएंगे।
एबीसी आईडी भी अनिवार्य
विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा फार्म भरने के लिए छात्रों के पास Academic Bank of Credits (ABC) आईडी होना जरूरी है। जिन छात्रों के पास एबीसी आईडी नहीं होगी, वे परीक्षा फार्म जमा नहीं कर पाएंगे। नई शिक्षा नीति के तहत क्रेडिट सिस्टम लागू किया गया है, इसलिए सभी छात्रों के अकादमिक रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने के लिए एबीसी आईडी अनिवार्य की गई है।
ये भी पढ़ें: LPG Crisis: ग्वालियर में गैस सिलेंडर की किल्लत, 4 दिन से सर्वर डाउन; कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई 6 दिन से बंद
अंकसूची और डिग्री पर भी दिखेगा असर
नई व्यवस्था के तहत छात्रों के अपडेट किए गए विषयों का सीधा असर उनकी अंकसूची और डिग्री पर दिखाई देगा। इसलिए विश्वविद्यालय ने सभी छात्रों से समय पर अपने विषय अपडेट कराने और परीक्षा फार्म भरने की अपील की है, ताकि उन्हें परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।





















