Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Bronson Reed के निधन पर भावुक हुए Triple H, WWE Survivor Series में दी गई श्रद्धांजलि; बोले- रिंग के बाहर...

WWE सुपरस्टार ब्रॉन्सन रीड के 38 साल की उम्र में निधन से रेसलिंग जगत में शोक है। WWE Survivor Series 2026 में ट्रिपल एच ने उन्हें भावुक श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ब्रॉन्सन को रिंग के बाहर टेडी बियर जैसा इंसान बताया और उनकी पत्नी, बेटी समेत पूरे परिवार के लिए संवेदना जताई।
Bronson Reed के निधन पर भावुक हुए Triple H, WWE Survivor Series में दी गई श्रद्धांजलि; बोले- रिंग के बाहर...
WWE सुपरस्टार ब्रॉन्सन रीड के 38 साल की उम्र में निधन से रेसलिंग जगत में शोक है।

WWE सुपरस्टार ब्रॉन्सन रीड के निधन से पूरी रेसलिंग दुनिया में शोक की लहर है। महज 38 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाले ब्रॉन्सन को WWE Survivor Series: WarGames 2026 में भावुक श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान WWE के चीफ कंटेंट ऑफिसर और दिग्गज रेसलर ट्रिपल एच भी उन्हें याद करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने ब्रॉन्सन रीड को एक शानदार रेसलर के साथ-साथ बेहतरीन इंसान बताया। ट्रिपल एच ने कहा कि WWE के हर सदस्य के दिल में उनके लिए खास जगह थी।

38 साल की उम्र में ब्रॉन्सन रीड का निधन

WWE ने 27 नवंबर 2026 को ब्रॉन्सन रीड के निधन की जानकारी दी। उनका असली नाम जर्मेन हेली था। वह महज 38 साल के थे। WWE के मुताबिक, मेडिकल कॉम्प्लिकेशंस के कारण उनका निधन हुआ। उनके अचानक निधन की खबर से WWE के रेसलर्स, कर्मचारियों और फैंस को गहरा सदमा लगा। ब्रॉन्सन रीड अपनी दमदार बॉडी, खतरनाक मूव्स और शानदार रिंग परफॉर्मेंस के लिए जाने जाते थे। रिंग में उनका अंदाज जितना आक्रामक था, असल जिंदगी में वह उतने ही मिलनसार और खुशमिजाज इंसान बताए जाते थे।

WWE स्टार ब्रॉनसन रीड का निधन! 38 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा;पत्नी और नन्ही बेटी को छोड़ गए पीछे

X Post

ट्रिपल एच ने बताया- 'रिंग के बाहर टेडी बियर जैसे थे ब्रॉन्सन'

Survivor Series: WarGames 2026 के प्री-शो के दौरान ट्रिपल एच ने माइकल कोल के साथ बातचीत में ब्रॉन्सन रीड को याद किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि रीड का रिंग में किरदार काफी खतरनाक था, लेकिन असल जिंदगी में उनका स्वभाव बिल्कुल अलग था। ट्रिपल एच ने कहा कि ब्रॉन्सन का व्यक्तित्व काफी बड़ा और प्रभावशाली था। वह रिंग में किसी ताकतवर तूफान की तरह नजर आते थे, लेकिन अंदर से टेडी बियर जैसे इंसान थे। उन्होंने आगे बताया कि ब्रॉन्सन हर किसी के साथ एक जैसा व्यवहार करते थे। WWE के रेसलर्स, क्रू मेंबर्स, स्टाफ और ऑफिस में काम करने वाले लोग, सभी उन्हें बेहद पसंद करते थे। ट्रिपल एच के मुताबिक, रीड उन चुनिंदा लोगों में से थे, जिन्होंने WWE में लगभग हर व्यक्ति के दिल में अपनी जगह बनाई थी।

ब्रॉन्सन रीड के परिवार के लिए ट्रिपल एच का भावुक संदेश

ब्रॉन्सन रीड को याद करते हुए ट्रिपल एच ने उनके परिवार के प्रति संवेदना भी जताई। उन्होंने खास तौर पर उनकी पत्नी और बेटी का जिक्र किया। ट्रिपल एच ने कहा कि उनकी संवेदनाएं ब्रॉन्सन की पत्नी, बेटी और पूरे परिवार के साथ हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी प्रेग्नेंट हैं। इस दुखद घटना को शब्दों में बयां करना मुश्किल है, लेकिन ब्रॉन्सन को हमेशा प्यार और सम्मान के साथ याद किया जाएगा। उनकी इस बात से साफ नजर आया कि WWE के लिए ब्रॉन्सन सिर्फ एक रेसलर नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह थे।

सात समंदर पार छाया वैभव का जलवा : WWE स्टार बने फैन; रियान पराग का आया मजेदार रिएक्शन

Survivor Series में 10 बेल सैल्यूट देकर किया याद

WWE ने Survivor Series: WarGames के दौरान ब्रॉन्सन रीड को विशेष श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में उनके करियर और जिंदगी पर आधारित एक वीडियो भी दिखाया गया। इसके अलावा उनके सम्मान में 10 बेल सैल्यूट दिया गया। इस दौरान कमेंटेटर माइकल कोल और WWE से जुड़े दूसरे लोगों ने भी उन्हें याद किया। पूरे रेसलिंग जगत में उनके निधन पर शोक संदेश साझा किए गए।

Crown Jewel में आखिरी बार नजर आए थे ब्रॉन्सन रीड

ब्रॉन्सन रीड आखिरी बार WWE Crown Jewel 2026 में नजर आए थे। इस इवेंट में ओबा फेमी के साथ हुए एक सेगमेंट के दौरान उन्हें चोट लगने की खबरें सामने आई थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना के बाद उन्हें पसलियों और किडनी में चोट आई थी। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, WWE ने उनके निधन की आधिकारिक जानकारी देते हुए सिर्फ मेडिकल कॉम्प्लिकेशंस का जिक्र किया है। चोटों और निधन के बीच सीधा संबंध कंपनी ने स्पष्ट नहीं किया है। ब्रॉन्सन रीड के जाने से WWE ने अपना एक शानदार सुपरस्टार खो दिया है। उनके फैंस और साथी रेसलर्स उन्हें उनके दमदार अंदाज और अच्छे स्वभाव के लिए हमेशा याद रखेंगे।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts