मैहर सिविल अस्पताल की लापरवाही का वीडियो वायरल, खुले में गर्भवती महिला को चढ़ाया खून; परिजन हाथ में पकड़े रहे ब्लड बैग

मैहर। मध्यप्रदेश के मैहर सिविल अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक गर्भवती महिला अस्पताल परिसर के बाहर बैठी दिखाई दे रही है। महिला को खुले में ही खून चढ़ाया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि ब्लड स्टैंड की व्यवस्था नहीं होने के कारण उसके परिजन खुद हाथों में ब्लड बैग पकड़कर खड़े नजर आ रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं।
8 दिन से अस्पताल में भर्ती थी गर्भवती महिला
जानकारी के मुताबिक, गर्भवती महिला पिछले 8 दिनों से मैहर सिविल अस्पताल में भर्ती थी। महिला का सीजेरियन ऑपरेशन किया जाना था। इसी दौरान जांच में उसका हीमोग्लोबिन कम और ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ पाया गया। इसके बाद उसे खून चढ़ाने की जरूरत पड़ी। हालांकि, वायरल वीडियो में महिला को अस्पताल के वार्ड के बजाय परिसर के बाहर बैठाकर ब्लड ट्रांसफ्यूजन करते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान परिजन ब्लड बैग अपने हाथों में पकड़े हुए हैं। वीडियो ने अस्पताल में जरूरी सुविधाओं और मरीजों की देखभाल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बेहतर इलाज के लिए सतना किया गया रेफर
मामले में अस्पताल के आरएमओ डॉ. आरएन पांडेय ने बताया कि महिला को ऑपरेशन के लिए थिएटर में ले जाया गया था। जांच के दौरान हीमोग्लोबिन कम और ब्लड प्रेशर ज्यादा मिला। इसके बाद उसे खून चढ़ाना शुरू किया गया। डॉक्टर के मुताबिक, महिला को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया था।
एंबुलेंस आने से पहले बाहर आ गए परिजन
आरएमओ डॉ. आरएन पांडेय ने बताया कि महिला को रेफर करने के बाद एंबुलेंस का इंतजार किया जा रहा था, लेकिन एंबुलेंस के अस्पताल पहुंचने से पहले ही परिजन महिला को लेकर बाहर आ गए थे। उनके अनुसार, वायरल वीडियो उसी समय का है। फिलहाल इस वीडियो के सामने आने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर चर्चा शुरू हो गई है।




















