ब्रैंडन किंग का अर्धशतक, वेस्टइंडीज ने 2017 के बाद भारत के खिलाफ पहली टी20 सीरीज जीती

लॉडेरहिल/अमेरिका। भारत को बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन से रविवार को यहां खराब मौसम से प्रभावित पांचवें और अंतिम टी20 अंतर्राष्ट्रीय में वेस्टइंडीज से आठ विकेट से हारकर सीरीज 2-3 से गंवानी पड़ी। वेस्टइंडीज ने इस तरह 2017 के बाद भारत के खिलाफ पहली टी20 अंतर्राष्ट्रीय सीरीज जीती। अंतिम मैच की जीत में ब्रैंडन किंग स्टार रहे जिनकी नाबाद 85 रन की पारी में पांच चौके और छह छक्के जड़े थे। यह उनका टी20 अंतर्राष्ट्रीय में सवश्रेष्ठ स्कोर भी है। कप्तान हार्दिक पंड्या की टीम ने 0-2 से पिछड़ने के बाद वापीस करते हुए सीरीज 2-2 से बराबर की लेकिन खिलाड़ी निर्णायक मुकाबले में लड़खड़ा गए।
सूर्यकुमार यादव (61 रन) के सीरीज में दूसरे अर्धशतक की मदद से टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन के बाद नौ विकेट गंवाकर 165 रन बनाए। बना पिच पर स्ट्रोक्स लगाना आसान नहीं था, फिर भी सूर्यकुमार ने 45 गेंद की पारी के दौरान चार चौके और तीन छक्के जड़े। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज ने तेज शुरुआत की और किंग (55 गेंद) तथा विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन (47 रन,35 गेंद, एक चौका, चार छक्के) के साथ दूसरे विकेट के लिए 72 गेंद में 107 रन की भागीदारी से दो ओवर शेष रहते दो विकेट पर 171 रन बनाकर जीत हासिल की।
हार्दिक ने पावरप्ले में चार गेंदबाजों को आजमाया और पहली सफलता दिलायी अर्शदीप सिंह ने। और वेस्टइंडीज ने काइल मेयर्स (10 रन) विकेट दूसरे ओवर में गंवा दिया जिन्हें अर्शदीप ने मिडऑफ पर जायसवाल के हाथों कैच आउट कराया, लेकिन पूरन और किंग ने वेस्टइंडीज के लिए पावरप्ले में छह छक्कों ओर तीन चौकों से एक विकेट गंवाकर 61 रन बनाये। वेस्टइंडीज ने इन दोनों बल्लेबाजों की बदौलत 10 ओवर में एक विकेट पर 96 रन बना लिए थे। किंग ने 13वें ओवर की तीसरी गेंद पर युजवेंद्र चहल पर एक हाथ से लांग ऑफ पर छक्का जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया जिसके बाद आसमान में बिजली चमकने से खिलाड़ी मैदान से बाहर आ गए।





















