भाजपा के नए प्रभारी बिप्लब देब और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी ने स्थानीय निकाय, मिशन-2028 की तैयारियों पर की चर्चा

भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी पहली बार भोपाल पहुंचे। प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में सरकार-संगठन से जुड़े मुद्दों के साथ पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, स्थानीय निकाय और सहकारिता चुनाव तथा मिशन-2028 की तैयारियों पर मंथन हुआ। दोनों नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और सरकार-संगठन के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करने की बात कही। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ल सहित अधिकांश सदस्य मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया भी बैठक में शामिल हुए।
गुफा मंदिर में हनुमानजी के दर्शन-पूजन

प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब ने सुबह सांसद आलोक शर्मा और अन्य पदाधिकारियों के साथ गुफा मंदिर में हनुमानजी के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने कहा कि जिस तरह हनुमानजी ने रामराज्य की स्थापना के लिए काम किया, उसी दिशा में सभी के साथ मिलकर काम करने का प्रयास करेंगे।
सोलंकी और तोमर से सौजन्य मुलाकात
देब ने दोपहर में त्रिपुरा के पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के निवास पर पहुंचकर सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ता और बूथ अध्यक्ष मुकेश गुप्ता के निवास पर चाय भी पी।
बूथ कार्यकर्ता मीना जाटव के घर किया भोजन

प्रदेश प्रभारी देब ने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, विधायक भगवानदास सबनानी और अन्य पदाधिकारियों के साथ बूथ कार्यकर्ता मीना जाटव के शास्त्री नगर स्थित निवास पर भोजन किया। सह प्रभारी रेखा वर्मा ने भी पार्टी पदाधिकारियों के साथ भोजन किया।
संगठन को निचले स्तर तक मजबूत करेंगे
प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्य में सह प्रभारी की जिम्मेदारी देने के लिए केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद। संगठन को निचले स्तर तक मजबूत करने की दिशा में पूरी टीम के साथ काम करेंगे। यहां सरकार और संगठन मिलकर अच्छा काम कर रहे हैं। इसे और बेहतर तरीके से आगे बढ़ाएंगे।
सीधी बात: सरकार और संगठन को शक्तिशाली बनाना मुख्य काम-बिप्लब देब
सवाल: पार्टी के काम काज को लेकर क्या योजना है?
जवाब: यहां सरकार और संगठन को शक्तिशाली बनाना हमारा मुख्य काम है। यहां क्या और कैसे काम करना है यह भी समझ आ गया है।
सवाल: प्रभारी के रूप में क्या प्राथमिकताएं रहेंगीं?
जवाब: सबको साथ लेकर काम करूंगा, अच्छा काम करूंगा। समरसता और सबका साथ, सबका विकास पार्टी ध्येय वाक्य है।
सवाल: मप्र का प्रभार मिलने पर क्या कहेंगे?
जवाब: यहां मेरे जैसे बहुत लोग हैं। उनके साथ काम करूंगा। यहां काफी कुछ सीखने को मिलेगा।
सवाल: पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह से मुलाकात कैसी रही?
जवाब: उनका नाम ही काफी है। उन्हें सरकार और संगठन का अच्छा अनुभव है। मेरे राज्य के गवर्नर भी रहे।
सवाल: मध्यप्रदेश संगठन और लोगों के बारे में अनुभव कैसा है?
जवाब: यहां आकर बहुत अच्छा लगा। लोग बहुत अच्छे हैं। खासतौर पर भोजन, भाषा और स्वभाव भी।




















