बिहार के 1.67 करोड़ परिवारों को बड़ी सौगात : नीतीश सरकार देगी 125 यूनिट फ्री बिजली, 1 अगस्त 2025 से मिलेगा फायदा

Follow on Google News
बिहार के 1.67 करोड़ परिवारों को बड़ी सौगात : नीतीश सरकार देगी 125 यूनिट फ्री बिजली, 1 अगस्त 2025 से मिलेगा फायदा
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को बड़ी राहत देने वाला ऐलान किया है। अब राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त मिलेगी। यह योजना 1 अगस्त 2025 से लागू होगी, लेकिन जुलाई 2025 के बिल से ही उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। इस घोषणा के साथ ही नीतीश सरकार ने साफ कर दिया है कि वह आम जनता की जेब पर पड़ने वाले बिजली बिल के बोझ को कम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

    125 यूनिट तक बिजली मुफ्त

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा- “हम लोग शुरू से ही सस्ती दरों पर सभी को बिजली उपलब्ध करा रहे हैं। अब हमने तय कर दिया है कि 1 अगस्त, 2025 से राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली का कोई पैसा नहीं देना पड़ेगा।” इससे खासकर गरीब और मध्यम वर्गीय उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिलेगा, जो हर महीने सीमित खपत में बिजली का उपयोग करते हैं।

    हर घर और सार्वजनिक स्थलों पर लगेगा सोलर पैनल

    मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले तीन वर्षों में राज्य सरकार घरेलू उपभोक्ताओं से सहमति लेकर घर की छतों या नजदीकी सार्वजनिक स्थलों पर सौर ऊर्जा संयंत्र (Solar Panels) लगाएगी। इससे उपभोक्ताओं को लंबे समय तक मुफ्त बिजली के साथ-साथ पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा का लाभ मिलेगा।

    राज्य सरकार लगाएगी पूरा खर्च

    नीतीश कुमार ने कहा कि ‘कुटीर ज्योति योजना’ के तहत अत्यंत गरीब परिवारों के लिए सौर संयंत्र लगाने का सारा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। वहीं, अन्य उपभोक्ताओं को भी सरकार की ओर से सहयोग मिलेगा। अनुमान है कि अगले 3 साल में राज्य में 10,000 मेगावाट तक सौर ऊर्जा उत्पादन की क्षमता विकसित की जाएगी।

    नीतीश सरकार के चुनावी साल में 8 बड़े फैसले

    नीतीश कुमार की यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में उनकी सरकार ने बीते एक महीने में कई लोक-लुभावन योजनाओं और फैसलों की घोषणा की है:

    5 साल में 1 करोड़ रोजगार देने का वादा

    सरकार ने 2025 से 2030 के बीच 1 करोड़ रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए उच्चस्तरीय समिति गठित होगी, जो विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर तलाशेगी।

    हर पंचायत में बनेगा विवाह भवन

    लगभग 8000 पंचायतों में विवाह मंडप योजना के तहत विवाह भवन बनेंगे। ये भवन गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए उपयोगी होंगे। इसका संचालन जीविका दीदियों के हाथों में होगा।

    महिलाओं को 35% आरक्षण और डोमिसाइल पॉलिसी लागू

    सरकारी नौकरियों में केवल बिहार की महिलाओं को 35% आरक्षण मिलेगा। बाहरी राज्यों की महिलाओं को अब इसका लाभ नहीं मिलेगा। यह कदम स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की नीति को मजबूत करता है।

    एक लाख युवाओं को इंटर्नशिप, ₹4 से ₹6 हजार तक मिलेगा भत्ता

    12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा या ग्रेजुएट युवाओं को 3 से 12 महीने तक की इंटर्नशिप दी जाएगी। गृह जिले से बाहर इंटर्नशिप करने पर ₹2,000 और राज्य से बाहर करने पर ₹5,000 की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।

    दीदी की रसोई में 20 रुपए में भोजन

    सरकारी अस्पतालों और संस्थानों में दीदी की रसोई के तहत अब ₹40 की थाली ₹20 में मिलेगी। शेष राशि सरकार वहन करेगी।

    नई AC बस खरीदने पर 20 लाख की सहायता

    इंटरस्टेट रूट के लिए नई AC बस खरीदने पर निजी ऑपरेटर को ₹20 लाख की सहायता राशि दी जाएगी। कुल 150 बसों के लिए यह प्रोत्साहन मिलेगा।

    गुरु-शिष्य परंपरा योजना से लोक कला को मिलेगा संरक्षण

    विलुप्त हो रही लोककलाओं को संरक्षित करने के लिए यह योजना लागू की गई है। गुरु को ₹15,000, शिष्य को ₹3,000 मानदेय मिलेगा।

    दिव्यांगजन सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना

    UPSC/BPSC की प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाले दिव्यांग अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए ₹50,000 और इंटरव्यू के लिए ₹1 लाख की सहायता दी जाएगी।

    हाल ही में हुई कुछ अन्य घोषणाएं

    • सामाजिक सुरक्षा पेंशन 400 रुपए से बढ़ाकर 1100 रुपए कर दी गई।
    • 94 लाख परिवारों को 2 लाख रुपए की सहायता राशि मिलेगी।
    • 4 लाख महिला कर्मियों को ऑफिस के पास आवास मिलेगा।
    • मनरेगा में मुखिया को 10 लाख तक की योजनाओं की मंजूरी देने का अधिकार मिलेगा।
    • त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों को सामान्य मृत्यु पर 5 लाख रुपए की सहायता मिलेगी।
    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts