Bihar Election 2025 :समर्थक लगा रहे थे जिंदाबाद के नारे तभी टूटा मंच, धड़ाम से गिरे बाहुबली नेता अनंत सिंह, VIDEO वायरल

- मोकामा में तूफान संपर्क अभियान के दौरान हादसे में बाल-बाल बचे बाहुबली नेता, समर्थकों में मची अफरा-तफरी
समर्थक लगा रहे थे जिंदाबाद के नारे तभी टूटा मंच, धड़ाम से गिरे बाहुबली नेता अनंत सिंह, VIDEO वायरल
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    पटना। बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक माहौल गर्माता जा रहा है। हर पार्टी और प्रत्याशी अपने-अपने प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसी बीच मोकामा विधानसभा सीट से जेडीयू प्रत्याशी और बाहुबली नेता अनंत सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

    वीडियो में देखा जा सकता है कि चुनावी जनसभा के दौरान अनंत सिंह का मंच अचानक टूट गया, जिससे वे और उनके साथ मौजूद समर्थक नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सभा स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

    मोकामा में हुआ हादसा

    शनिवार को मोकामा के पूर्वी इलाके के रामपुर-डूमरा गांव में जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह का “तूफान संपर्क अभियान” चल रहा था। गांव के लोगों ने नेता के स्वागत के लिए एक छोटा लकड़ी का मंच तैयार किया था। जैसे ही अनंत सिंह वहां पहुंचे, समर्थकों ने उनसे मंच से जनता को संबोधित करने का आग्रह किया। बाहुबली नेता मंच पर चढ़े और समर्थकों के साथ खड़े होकर जनसभा की तैयारी करने लगे।

    Twitter Post

    माइक थामते ही टूटा मंच, नीचे गिरे अनंत सिंह

    मंच पर मौजूद एक समर्थक ने माइक थामकर भाषण देना शुरू किया और भीड़ से जेडीयू जिंदाबाद, नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे लगवाने लगा। जैसे ही उसने नारा लगाया- 'अनंत बाबू जिंदाबाद!' उसी क्षण मंच नीचे से धड़ाम से टूट गया। अचानक मंच के टूटने से अनंत सिंह समेत मंच पर मौजूद कई समर्थक नीचे गिर गए। वीडियो में यह पल साफ तौर पर दिख रहा है, जिसमें मंच भरभराकर गिरता है और लोग इधर-उधर हो जाते हैं।

    सभा स्थल पर मची अफरा-तफरी 

    मंच के गिरते ही सभा स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। समर्थक दौड़कर अनंत सिंह को उठाने लगे। कुछ लोगों ने उन्हें टूटे हुए मंच से बाहर निकाला। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अनंत सिंह को कोई चोट नहीं आई और वे सुरक्षित बच गए।

    सूत्रों के मुताबिक, मंच की ऊंचाई अधिक नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। थोड़ी देर बाद उन्होंने स्थिति को संभालते हुए जनता से शांति बनाए रखने की अपील की और प्रचार कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।

    वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

    घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि मंच पर भीड़ अधिक थी और जगह कम। जैसे ही कई समर्थक एक साथ मंच पर चढ़े, उसकी लकड़ी की तख्तियां दबाव नहीं झेल पाईं और टूट गईं। वीडियो वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने हास्यपूर्ण प्रतिक्रियाएं दीं, वहीं कुछ लोगों ने चुनावी आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठाए हैं।

    कौन हैं अनंत सिंह?

    अनंत सिंह, जिन्हें स्थानीय राजनीति में 'छोटे सरकार' के नाम से जाना जाता है, मोकामा विधानसभा से कई बार विधायक रह चुके हैं। वे इस बार जेडीयू के टिकट पर फिर से मैदान में हैं। उनकी लोकप्रियता और बाहुबली छवि के कारण मोकामा सीट इस बार भी राजनीतिक रूप से सबसे चर्चित सीटों में गिनी जा रही है।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts