Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बिहार के औरंगाबाद में नाबालिग से दरिंदगी, कार में जबरन ले गए तीन युवक, दो गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी

बिहार के औरंगाबाद में सातवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप का गंभीर मामला सामने आया है। तीन युवकों पर जबरन कार में ले जाकर वारदात करने का आरोप है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है। मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है।
बिहार के औरंगाबाद में नाबालिग से दरिंदगी, कार में जबरन ले गए तीन युवक, दो गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी
बिहार के औरंगाबाद में सातवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप का गंभीर मामला सामने आया है।

बिहार के औरंगाबाद जिले से नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप का गंभीर मामला सामने आया है। कुटुंबा थाना क्षेत्र में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली लड़की ने तीन युवकों पर उसे जबरन कार में बैठाकर ले जाने और उसके साथ यौन हिंसा करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़िता के परिजन उसे लेकर पुलिस के पास पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए तीन आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

अस्पताल जा रही थी नाबालिग

जानकारी के मुताबिक, घटना के दिन पीड़िता के पिता मजदूरी करने के लिए घर से बाहर गए थे। वहीं उसकी मां अपने बीमार छोटे बेटे को लेकर कुटुंबा अस्पताल गई हुई थी। पीड़िता भी अपनी तबीयत खराब होने के कारण अकेले अस्पताल जाने के लिए घर से निकली थी। पीड़िता के अनुसार, वह पैदल ही अस्पताल की तरफ जा रही थी। गांव से करीब एक किलोमीटर दूर पहुंचने पर पीछे से एक कार आई। कार में तीन युवक सवार थे। आरोपियों ने कार रोककर उससे पूछा कि वह कहां जा रही है। पीड़िता ने बताया कि उसकी तबीयत खराब है और उसकी मां पहले से ही छोटे भाई को लेकर अस्पताल में मौजूद है।

जबरन कार में बैठाने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि बातचीत के दौरान तीनों युवकों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया। इसके बाद उसका फोन छीन लिया गया और उसे शोर मचाने से रोकने की कोशिश की गई। पीड़िता के मुताबिक, उसने खुद को छोड़ने की काफी गुहार लगाई, लेकिन आरोपी उसे लेकर वहां से निकल गए। पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने उस रास्ते और घटनास्थल के बारे में भी जानकारी दी है, जहां आरोपियों ने उसके साथ कथित तौर पर यौन हिंसा की।

सुनसान जगह पर ले जाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपी लड़की को अंबा बाजार की तरफ से एनएच-139 होते हुए शंकरपुर आरओबी के पास धावा गांव जाने वाले रास्ते तक ले गए। आरोप है कि इसी इलाके में उसके साथ वारदात की गई। पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई। उसने पुलिस को बताया कि कार में मौजूद युवकों की बातचीत से उसे गंभीर खतरे का डर लगा। इसके बाद उसने अपनी जान बचाने की गुहार लगाई और आरोपियों की बात मानने की बात कही, ताकि वह वहां से सुरक्षित निकल सके।

ये भी पढ़ें: सुहागरात पर पत्नी नहीं शरमाई तो फैमिली कोर्ट पहुंच गया पति, हनीमून का प्लान नहीं बनाने पर भी रिश्ते में दरार

घर से कुछ दूरी पर छोड़कर भागे

पीड़िता के मुताबिक, बाद में आरोपी उसे घर से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले छोड़कर फरार हो गए। आरोपियों ने उसका फोन भी वापस कर दिया। इसके बाद लड़की ने अपने दादा-दादी को फोन कर पूरी बात बताई और फिर घर पहुंची। घर पहुंचने के बाद उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सोमवार को पीड़िता अपने माता-पिता के साथ कुटुंबा थाने पहुंची और तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।

पुलिस को सौंपा गया ऑडियो

पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी है। उनका दावा है कि यह ऑडियो घटना के दौरान पीड़िता के फोन से रिकॉर्ड हुआ था। इसमें कार के अंदर तेज आवाज में भोजपुरी गाना बजने की बात सामने आई है। परिजनों का दावा है कि रिकॉर्डिंग में एक युवक कई लड़कियों को निशाना बनाने की बात कह रहा है। पुलिस अब इस ऑडियो की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इसमें मौजूद आवाज किसकी है।

दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को उनके गांव से गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया है। पीड़िता को इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts