बिल भरने के लिए अलग-अलग ऐप की जरूरत खत्म! WhatsApp लाया नया Payment फीचर

अगर आप भी हर महीने बिजली, पानी, गैस या दूसरे बिल भरने के लिए अलग-अलग ऐप खोलते हैं, तो आपके लिए काम की खबर है। अब इन जरूरी बिलों का पेमेंट करने के लिए बार-बार अलग ऐप इस्तेमाल करने की जरूरत कम हो सकती है। WhatsApp ने भारत में Bill Payments फीचर शुरू किया है, जिसकी मदद से यूजर्स सीधे WhatsApp के जरिए कई तरह के बिल भर सकेंगे।
WhatsApp पर मिलेंगे कई बिल पेमेंट ऑप्शन
WhatsApp का इस्तेमाल अब तक ज्यादातर चैटिंग, कॉलिंग और फोटो-वीडियो शेयर करने के लिए किया जाता था। लेकिन कंपनी लगातार ऐप में पेमेंट से जुड़े नए फीचर्स जोड़ रही है। नए Bill Payments फीचर के जरिए यूजर्स बिजली, पानी, पाइप्ड गैस, FASTag, इंश्योरेंस, क्रेडिट कार्ड और लोन रिपेमेंट जैसे कई पेमेंट कर सकते हैं। यह फीचर Bharat Connect यानी BBPS नेटवर्क से जुड़ा है। हालांकि, किसी खास कंपनी या विभाग का बिल तभी भरा जा सकेगा, जब वह इस नेटवर्क पर उपलब्ध होगा।
WhatsApp से ऐसे भरें बिल
इस फीचर का इस्तेमाल करना काफी आसान है। इसके लिए सबसे पहले अपने फोन में WhatsApp खोलें। इसके बाद होम स्क्रीन पर दिखाई देने वाले ₹ आइकन पर टैप करें। अब आपको Bill Payments का ऑप्शन दिखाई देगा। इस पर टैप करने के बाद उस बिल की कैटेगरी चुनें, जिसका पेमेंट करना है। उदाहरण के लिए, अगर बिजली का बिल भरना है तो Electricity का विकल्प चुनें। इसके बाद अपना बिजली विभाग या सर्विस प्रोवाइडर चुनें। अब अपना कस्टमर नंबर या अकाउंट नंबर डालें। अगर बिल सिस्टम में उपलब्ध होगा, तो स्क्रीन पर बिल की रकम दिखाई देगी। पेमेंट करने से पहले रकम और दूसरी जानकारी अच्छी तरह चेक कर लें। सबकुछ सही होने पर पेमेंट पूरा किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: मथुरा में गरजे CM योगी! विकास के नाम पर हमारी विरासत का हुआ अपमान! काशी-अयोध्या का उदाहरण देकर कही ये बात
अगली बार बिल भरना होगा और आसान
इस फीचर का फायदा उन लोगों को ज्यादा मिलेगा, जो हर महीने कई तरह के बिल भरते हैं। अब बिजली, पानी या गैस के लिए अलग-अलग ऐप खोलने की जरूरत कम हो सकती है। इसके अलावा, WhatsApp पर जिन बिलर्स का पहले इस्तेमाल किया गया है, उन्हें दोबारा आसानी से एक्सेस किया जा सकता है। इससे अगली बार बिल पेमेंट करने में और कम समय लग सकता है।
धीरे-धीरे यूजर्स तक पहुंच रहा फीचर
WhatsApp का यह फीचर भारत में धीरे-धीरे यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है। इसलिए अगर आपके WhatsApp में अभी Bill Payments का ऑप्शन दिखाई नहीं दे रहा है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। आने वाले समय में यह फीचर ज्यादा यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है।




















