Air India Express की फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग, वाराणसी से दिल्ली जा रही थी; कार्गो में बजा स्मोक अलार्म!

वाराणसी से दिल्ली जा रही Air India Express की फ्लाइट IX 1253 की गुरुवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान विमान के कार्गो में स्मोक डिटेक्शन अलार्म बजने लगा था। पायलट ने तुरंत लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और अनुमति मिलने के बाद विमान को सुरक्षित उतारा गया।
फ्लाइट ने गुरुवार सुबह करीब 8 बजे वाराणसी एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ देर बाद ही कार्गो में स्मोक डिटेक्शन का अलार्म बजने लगा। इसके बाद पायलट ने एहतियात के तौर पर लखनऊ एयरपोर्ट से संपर्क किया। ATC से अनुमति मिलने के बाद विमान ने सुबह करीब 8:52 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग की।
155 यात्री और क्रू सुरक्षित
विमान के लखनऊ में उतरते ही एयरपोर्ट की रिस्पॉन्स टीम ने मोर्चा संभाल लिया। फायर ब्रिगेड और टेक्निकल एक्सपर्ट भी मौके पर पहुंचे। विमान की पूरी जांच की गई। सुबह करीब 9:02 बजे विमान में सवार 155 यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित उतार लिया गया। जांच के बाद विमान को एयरपोर्ट के स्टैंड पर पार्क कर दिया गया।
फ्लाइट में अचानक बिगड़ी पायलट की तबीयत, मस्कट में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
जांच में नहीं मिला धुएं का संकेत
शुरुआती जांच में विमान के अंदर धुएं का कोई संकेत नहीं मिला। इसके बावजूद कार्गो में स्मोक अलार्म क्यों बजा, इसकी जांच की जा रही है। तकनीकी टीम अलार्म एक्टिव होने की वजह का पता लगाने में जुटी है।
डेढ़ साल में यूपी में विमान से जुड़ी प्रमुख घटनाएं
19 अगस्त 2026: गोरखपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान IndiGo विमान का पिछला हिस्सा यानी टेल जमीन से टकरा गया। पायलट ने विमान को दोबारा हवा में ले जाकर ATC की अनुमति के बाद सुरक्षित लैंड कराया।
21 जनवरी 2026: प्रयागराज में तकनीकी खराबी के कारण वायुसेना के एक छोटे विमान को तालाब में उतारना पड़ा। दोनों पायलट पैराशूट की मदद से सुरक्षित बाहर निकल आए।
12 नवंबर 2025: मुंबई से आ रही Air India की फ्लाइट को बम की धमकी मिलने के बाद वाराणसी में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सभी यात्री सुरक्षित रहे।
14 सितंबर 2025: दिल्ली जा रही IndiGo फ्लाइट ने उड़ान भरने के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी के कारण लखनऊ एयरपोर्ट पर वापस लैंडिंग की। विमान में 151 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित रहे।
25 मई 2025: दिल्ली से आ रही IndiGo फ्लाइट को सुरक्षा कारणों के चलते वाराणसी में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। सभी यात्री सुरक्षित रहे।
6 मई 2025: मुंबई से गोरखपुर जा रही IndiGo फ्लाइट में उड़ान के बाद तकनीकी खराबी सामने आई। विमान की मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार 190 यात्री सुरक्षित रहे और बाद में उन्हें दूसरी फ्लाइट से गोरखपुर भेजा गया।




















