फ्लाइट में अचानक बिगड़ी पायलट की तबीयत, मस्कट में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

दोहा से बेंगलुरु जा रही IndiGo की फ्लाइट 6E 1302 की गुरुवार सुबह मस्कट में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। उड़ान के दौरान पायलट की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को मस्कट डायवर्ट किया गया।
मस्कट एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा विमान
पायलट की तबीयत बिगड़ने के बाद फ्लाइट को एहतियात के तौर पर मस्कट ले जाया गया। विमान की मस्कट एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग हुई। लैंडिंग के तुरंत बाद पायलट को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उनकी हालत ठीक बताई जा रही है।
यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने की तैयारी
पायलट की तबीयत खराब होने के कारण यात्रियों को मस्कट में उतरना पड़ा। अब IndiGo ने यात्रियों को उनके गंतव्य बेंगलुरु तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की है। एयरलाइन बेंगलुरु से मस्कट के लिए दूसरा विमान और नई क्रू टीम भेज रही है। इसके बाद यात्रियों की आगे की यात्रा पूरी कराई जाएगी।




















