Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में थाने से भागा वाहन चोर, हेलमेट पहन साइकिल से निकला; 5 घंटे में क्राइम ब्रांच ने दबोचा

भोपाल के कमला नगर थाने से वाहन चोरी का आरोपी फरार हो गया। घर जाकर कपड़े बदले, हेलमेट पहन साइकिल से पुराने शहर पहुंचा लेकिन CCTV की मदद से 5 घंटे में पकड़ा गया।
Follow on Google News
भोपाल में थाने से भागा वाहन चोर, हेलमेट पहन साइकिल से निकला; 5 घंटे में क्राइम ब्रांच ने दबोचा
भोपाल में थाने से भागा वाहन चोर

कमला नगर थाने की हवालात से वाहन चोरी का आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने भागने के बाद अपनी पहचान छिपाने के लिए पहले घर जाकर कपड़े बदले, फिर हेलमेट पहना और एक घर के बाहर खड़ी साइकिल लेकर पुराने शहर की ओर निकल गया। हालांकि, उसकी यह तरकीब ज्यादा देर काम नहीं आई। क्राइम ब्रांच की मदद से पुलिस ने करीब पांच घंटे की तलाश के बाद उसे पुराने शहर से पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के दो वाहन भी बरामद किए हैं।

दो वाहन चोरी के CCTV फुटेज से पकड़ा गया था आरोपी

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान अभय राजपूत, निवासी कोटरा सुल्तानाबाद के रूप में हुई है। वह पहले भी वाहन चोरी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। दो वाहन चोरी की घटनाओं में उसके CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस उसे शनिवार रात पूछताछ के लिए कमला नगर थाने लेकर आई थी। पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए दोनों वाहन भी बरामद कर लिए गए थे और आरोपी को हवालात में रखा गया था।

हवालात से निकालकर मुंशी कक्ष में बैठाया

पुलिस के अनुसार, आधी रात के बाद अभय ने हवालात में हंगामा करना शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे हवालात से निकालकर मुंशी कक्ष में अपने पास बैठा ले गए।  इसी दौरान रात करीब 3 बजे से सुबह 5 बजे के बीच पुलिसकर्मियों के नींद में होने का फायदा उठाकर आरोपी थाने से फरार हो गया। उसके भागने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और उसकी तलाश शुरू की गई।

घर पहुंचकर बदली टी-शर्ट, फिर पहना हेलमेट

थाने से निकलने के बाद आरोपी सीधे अपने घर पहुंचा। वहां उसने अपनी टी-शर्ट बदलकर हरे रंग की टी-शर्ट पहन ली। इसके बाद उसने रास्ते में एक वाहन से हेलमेट लिया और एक घर के बाहर खड़ी साइकिल लेकर पुराने शहर की तरफ निकल गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी का मकसद CCTV कैमरों में अपना चेहरा पहचान में आने से रोकना था। कपड़े बदलने और हेलमेट पहनने के बाद वह साइकिल से पुराने शहर की गलियों में पहुंच गया।

ये भी पढ़ें: गुना: बीनागंज में पलटा रिफाइंड ऑयल से भरा टैंकर, तेल की मची लूट

पुराने शहर में जाने की आदत से मिली पुलिस को अहम कड़ी

आरोपी के फरार होने के बाद कमला नगर पुलिस ने क्राइम ब्रांच की मदद ली। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि अभय अक्सर पुराने शहर में गांजा खरीदने जाता है। इसके बाद पुलिस ने पुराने शहर और वहां पहुंचने वाले संभावित रास्तों के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया।

CCTV कैमरों की कड़ियां जोड़कर पहुंची पुलिस

जांच के दौरान एक CCTV कैमरे में आरोपी अपने घर की ओर जाता हुआ दिखाई दिया, लेकिन वहां से वापस निकलते हुए वह नजर नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने दूसरे कैमरों की फुटेज खंगाली। सुबह के समय एक संदिग्ध व्यक्ति हेलमेट पहनकर साइकिल चलाता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को शक हुआ कि यह वही आरोपी हो सकता है। इसके बाद अलग-अलग CCTV फुटेज की कड़ियां जोड़ी गईं और पुलिस उसके संभावित अंतिम ठिकाने तक पहुंच गई। आखिरकार पुलिस ने अभय राजपूत को पुराने शहर से पकड़ लिया।

ये भी पढ़ें: शहडोल जिला अस्पताल की छत से टपक रहा पानी, मरीजों ने खुद लगाए पानी रोकने के बर्तन

पुलिस से बचने के लिए पहना था हेलमेट

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने CCTV कैमरों में चेहरा पहचान में न आए, इसलिए हेलमेट पहना था। पुलिस के मुताबिक, उसने भागने के दौरान पहचान छिपाने के लिए कपड़े भी बदले थे।

चोरी के दो वाहन बरामद, तीन मामलों में कार्रवाई

एडिशनल डीसीपी जोन-1 रश्मि अग्रवाल दुबे ने आरोपी के पकड़े जाने की पुष्टि की है। पुलिस ने अभय राजपूत के कब्जे से चोरी के दो वाहन बरामद किए हैं। थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई के साथ ही पुलिस अभिरक्षा से भागने का मामला भी दर्ज किया है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वाहन चोरी की अन्य घटनाओं और उसके साथियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts