Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

PU Special :कैंसर से जूझ रही पत्नी को पति लौटाएगा पूरा दहेज, राज्य महिला आयोग की पहल पर हुआ समझौता

भोपाल में लंग्स कैंसर से जूझ रही महिला के वैवाहिक विवाद में मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की पहल से समझौता हुआ। पति ने महिला का पूरा दहेज लौटाने और उसकी बचत से खरीदे गए प्लॉट की आधी राशि देने पर सहमति जताई। आयोग महिला को सरकारी योजनाओं के जरिए आर्थिक मदद दिलाने का प्रयास भी कर रहा है।
कैंसर से जूझ रही पत्नी को पति लौटाएगा पूरा दहेज, राज्य महिला आयोग की पहल पर हुआ समझौता

पल्लवी वाघेला, भोपाल। लंग्स कैंसर से जूझ रही भोपाल की एक महिला के वैवाहिक विवाद में मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की पहल के बाद समझौता हुआ है। पति ने पत्नी का पूरा स्त्रीधन (दहेज) लौटाने पर सहमति जताई है। इसमें गहने, चांदी के बर्तन और शादी में मिले अन्य कीमती सामान शामिल हैं। इसके अलावा पति ने पत्नी की नौकरी के दौरान हुई बचत से खरीदे गए प्लॉट की आधी राशि भी उसे देने की सहमति दी है। आयोग की ओर से महिला को अन्य योजनाओं के माध्यम से आर्थिक मदद दिलाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

इलाज के खर्च को लेकर बढ़ा विवाद

36 वर्षीय सीमा (परिवर्तित नाम) की शादी 18 फरवरी 2017 को भोपाल निवासी राकेश (परिवर्तित नाम) से हुई थी। दोनों के जुड़वा बच्चे हैं। करीब डेढ़ साल पहले सीमा को लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी और कमजोरी की शिकायत हुई। जांच के बाद लंग्स कैंसर की पुष्टि हुई। इसके बाद कीमोथेरेपी सहित अन्य उपचार शुरू हुआ, जिसका खर्च लगातार बढ़ता गया। बीमारी के कारण सीमा को नौकरी भी छोड़नी पड़ी। महिला का आरोप था कि इलाज का खर्च बढ़ने के बावजूद पति आर्थिक सहयोग से पीछे हटने लगा और खर्च के लिए मायके से पैसे लाने को कहता था। वहीं पति का कहना था कि लंबे इलाज का खर्च उसकी आर्थिक क्षमता से बाहर होता जा रहा था। बीमारी के कारण परिवार पर आर्थिक दबाव बढ़ गया था और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी।

आयोग पहुंची महिला, मांगा स्त्रीधन

विवाद बढ़ने के बाद दोनों के बीच बातचीत भी लगभग बंद हो गई। ऐसे में सीमा ने मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई। उसने अपने स्त्रीधन में शामिल गहने, चांदी के बर्तन और शादी के समय मिले अन्य कीमती सामान वापस दिलाने की मांग की। आयोग के समक्ष सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों को सुना गया। आयोग की समझाइश के बाद पति पत्नी का पूरा स्त्रीधन लौटाने पर राजी हो गया। उपचार की स्थिति को देखते हुए दोनों पक्षों के बीच समझौता भी कराया गया।

ये भी पढ़ें: PU Special : रिश्तों में दरार के बावजूद परिवार बचाने की कोशिश, पत्नी की नशे और अवैध रिश्तों तक पति तैयार

प्लॉट की आधी राशि देने पर भी सहमति

सुनवाई के दौरान पति ने स्वीकार किया कि पत्नी की नौकरी के दौरान हुई बचत की मदद से उसने एक प्लॉट खरीदा था। उसने प्लॉट की आधी राशि पत्नी को देने की सहमति भी जताई। आयोग की पहल से महिला को उसके स्त्रीधन के साथ आर्थिक सुरक्षा का एक आधार मिलने की उम्मीद है।

आयोग ने शुरू किए मदद के प्रयास

महिला लंबे समय से कैंसर का इलाज करा रही है। आयोग की ओर से उसके उपचार और आर्थिक स्थिति को देखते हुए अन्य सरकारी योजनाओं के माध्यम से मदद दिलाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें: PU Special : मप्र फैमिली कोर्ट का ऑनलाइन मीडिएशन-दिल्ली में पति, भोपाल में पत्नी, स्क्रीन पर हुई बात, सुलझा विवाद

Devendra shakya
By Devendra shakya

Latest Posts