Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

उमरिया में कोयला खदान परियोजना के विरोध में आदिवासियों का आंदोलन तेज, 10 दिन से धरने पर ग्रामीण

उमरिया के घुनघुटी क्षेत्र में कोयला खदान परियोजना के विरोध में आदिवासी 10 दिनों से धरने पर हैं। ग्रामीणों ने पेड़ों की कटाई और तालाब पाटने का आरोप लगाया है, जबकि कंपनी ने आरोपों को खारिज किया है।

उमरिया। जिले के घुनघुटी (गिठौरी) क्षेत्र में बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड की प्रस्तावित कोयला खदान परियोजना के विरोध में आदिवासियों का आंदोलन तेज हो गया है। जल, जंगल और जमीन की रक्षा की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीण पिछले 10 दिनों से कड़ाके की ठंड में दिन-रात धरने पर बैठे हैं। पेड़ों की कटाई रोकने के लिए ग्रामीणों ने चिपको आंदोलन का तरीका अपनाया है। ग्रामीणों की मांग है कि खदान परियोजना की अनुमति रद्द की जाए।

350 से अधिक पेड़ काटने और तालाब पाटने का आरोप

आंदोलन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी ने नियमों की अनदेखी कर 350 से अधिक हरे-भरे पेड़ों की कटाई की है। इसके अलावा ग्रामीणों की आजीविका और जल जरूरतों से जुड़े 'नाम टांकी दोड़िया' तालाब को भी मिट्टी से पाट दिया गया है। आदिवासी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनीष सिंह ने खदान परियोजना के लिए पेश किए गए ग्रामसभा के दस्तावेजों को फर्जी बताया है। वहीं, वन विभाग द्वारा अतिक्रमण के मामले में कंपनी की एक जेसीबी मशीन जब्त किए जाने के बाद ग्रामीणों ने अपने आरोपों को लेकर सवाल उठाए हैं।

बांधवगढ़-अचानकमार टाइगर कॉरिडोर पर खतरे की आशंका

परियोजना को लेकर पर्यावरणविदों ने भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि घुनघुटी का जंगल मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ और छत्तीसगढ़ के अचानकमार टाइगर रिजर्व को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण टाइगर कॉरिडोर का हिस्सा है। पर्यावरणविदों के मुताबिक 1,400 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में प्रस्तावित खनन परियोजना से बाघों समेत 29 वन्यजीव प्रजातियों के प्राकृतिक आवास पर असर पड़ सकता है। इसके साथ ही भूमि धंसने और जलस्रोतों के सूखने का खतरा भी जताया जा रहा है।

Featured News

विधानसभा में मुद्दा उठाने की तैयारी

मामले ने राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है। आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस मुद्दे को विधानसभा और प्रदेश स्तर पर उठाने की बात कही है। दूसरी ओर, कंपनी प्रबंधन ने ग्रामीणों की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। एसडीएम मीनाक्षी बंजारे समेत वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर आंदोलन खत्म कराने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, ग्रामीण खदान परियोजना की अनुमति रद्द होने तक धरना जारी रखने की बात कह रहे हैं।

उमरिया में NH-43 पर 36 घंटे बाद खुला 6 किलोमीटर लंबा जाम, कीचड़ में फंसे ट्रकों को JCB से निकाला; एंबुलेंस में मरीज की मौत

जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

तहसीलदार निलेश सिंह ने बताया कि फिलहाल मौके पर काम रुका हुआ है। मामला वन विभाग से संबंधित है और विभाग इसकी जांच कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts