नवोदय प्रवेश परीक्षा में केंद्रों को लेकर गफलत, एक स्कूल से दूसरे स्कूल भटकते रहे अभिभावक

सीहोर। जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश का सपना लेकर शनिवार को परीक्षा देने पहुंचे हजारों बच्चों और उनके अभिभावकों को शिक्षा विभाग की अव्यवस्थाओं ने परीक्षा शुरू होने से पहले ही परेशान कर दिया। परीक्षा केंद्रों के नाम और पते को लेकर ऐसी गफलत सामने आई कि अभिभावक बच्चों को लेकर एक स्कूल से दूसरे स्कूल तक भटकते रहे। प्रवेश पत्र में दर्ज जानकारी और वास्तविक परीक्षा केंद्र के बीच भ्रम के चलते जिला मुख्यालय पर अफरा-तफरी मच गई। शिक्षा विभाग की इस गंभीर लापरवाही ने न केवल अभिभावकों का समय बर्बाद किया, बल्कि बच्चों को भी मानसिक तनाव में डाल दिया। मामला सामने आने के बाद अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए।
प्रवेश पत्र की जानकारी बनी परेशानी का सबब
जवाहर नवोदय विद्यालय श्यामपुर में प्रवेश के लिए प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली परीक्षा में इस बार जिले के करीब 2000 से अधिक विद्यार्थी शामिल होने वाले थे। शनिवार को जिला मुख्यालय के विभिन्न विद्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा का समय सुबह 11:30 से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित था, जबकि विद्यार्थियों को सुबह 10:30 बजे तक केंद्र पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। अभिभावक बच्चों के भविष्य को लेकर गंभीर थे और इसी वजह से कई परिवार सुबह 6 बजे से ही सीहोर पहुंच गए थे। लेकिन परीक्षा केंद्र की तलाश में उन्हें जिस अव्यवस्था का सामना करना पड़ा, उसने शिक्षा विभाग की तैयारियों की पोल खोल दी।
एक स्कूल से दूसरे स्कूल तक दौड़ते रहे अभिभावक
सबसे पहले बड़ी संख्या में अभिभावक इंदौर-भोपाल बाइपास स्थित सांदीपनि विद्यालय पहुंचे। वहां पहुंचने पर पता चला कि इस विद्यालय में परीक्षा आयोजित नहीं हो रही है। इसके बाद अभिभावक बच्चों को लेकर सांदीपनि विद्यालय क्रमांक-1 हाईस्कूल पहुंचे, लेकिन यहां भी उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। परेशान अभिभावक आखिरकार मंडी क्षेत्र स्थित संदीपनि मनुबेन स्कूल पहुंचे, जहां उन्हें वास्तविक परीक्षा केंद्र की जानकारी मिली। इस पूरी भागदौड़ में कई बच्चों को निर्धारित समय से देरी हो गई। परीक्षा केंद्रों के नाम में समानता और एडमिट कार्ड में दर्ज जानकारी को लेकर पैदा हुए भ्रम ने अभिभावकों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
डाइस कोड की गफलत ने बढ़ाया विवाद
अभिभावकों ने आरोप लगाया कि प्रवेश पत्रों में परीक्षा केंद्रों के डाइस कोड तक गलत अंकित किए गए थे। यदि शिक्षा विभाग द्वारा परीक्षा से पहले केंद्रों की जानकारी का सही तरीके से सत्यापन किया जाता और अभिभावकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाते तो बच्चों को इस तरह परेशान नहीं होना पड़ता। अभिभावकों ने अधिकारियों पर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। मंडी स्थित संदीपनि मनुबेन स्कूल के बाहर अभिभावकों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। तहसीलदार और बीआरसी के समक्ष भी अभिभावकों ने अपनी नाराजगी जाहिर की।
अधिकारियों ने प्रिंटिंग मिस्टेक बताकर दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद अधिकारियों की ओर से प्रिंटिंग मिस्टेक और संदीपनि विद्यालयों के एक जैसे नाम होने के कारण भ्रम पैदा होने की बात कही गई। वहीं तहसीलदार अमित सिंह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि एडमिट कार्ड पर विद्यालय का नाम सही दर्ज था, लेकिन स्कूल के हाईवे पर शिफ्ट होने की अधूरी जानकारी के कारण अभिभावक भ्रमित हुए। डाइस कोड की संभावित विसंगति के संबंध में उन्होंने कहा कि इसकी सटीक जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी ही दे सकेंगी।
सीहोर लईक कुरैशी हत्याकांड में एक आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार
देरी से पहुंचे बच्चों को मिला प्रवेश
तहसीलदार ने आश्वस्त किया कि परीक्षा केंद्र को लेकर पैदा हुए भ्रम के कारण जो विद्यार्थी देरी से पहुंचे थे, उन्हें भी परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया गया। हालांकि बच्चों को प्रवेश मिलना राहत की बात है, लेकिन इससे शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी खत्म नहीं हो जाती। सवाल यह है कि हजारों बच्चों की महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षा से पहले केंद्रों की जानकारी का सत्यापन क्यों नहीं किया गया? अभिभावकों को सही मार्गदर्शन देने की व्यवस्था क्यों नहीं बनाई गई? आखिर ऐसी गफलत के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही कौन तय करेगा? बच्चों के भविष्य से जुड़े इतने महत्वपूर्ण आयोजन में इस तरह की अव्यवस्था शिक्षा विभाग की तैयारी और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।




















