उत्तराखंड के पौड़ी में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी कार; 7 लोगों की मौत

पौड़ी गढ़वाल। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घायलों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।
रिखणीखाल के कलवाड़ी के पास हुआ हादसा
पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल इलाके में यह हादसा उस समय हुआ, जब एक वाहन भांगलवाड़ गांव की ओर जा रहा था। कलवाड़ी के पास अचानक ड्राइवर का वाहन से नियंत्रण खो गया और वह सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए।
ये भी पढ़ें: कहीं खाई में गिरी बोलेरो, कहीं नदी में समाई बस, उत्तराखंड में दो हादसों में 13 की मौत; CM धामी ने जताया दुख
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। पुलिस बल को भी मौके पर भेजा गया, जहां घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, घायलों की स्थिति के बारे में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
सीएम धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल, कलवाड़ी में एक भीषण सड़क हादसे की अत्यंत दुखद खबर मिली है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने जिला प्रशासन को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने और राहत-बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को उचित इलाज उपलब्ध कराया जाए और गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट करके बेहतर चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाया जाए। सीएम ने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।
पीएम मोदी ने भी जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पौड़ी गढ़वाल में हुए हादसे पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से एक्स पर जारी पोस्ट में कहा गया कि हादसे में लोगों की जान जाने की खबर बेहद दुखद है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की गई हैं। पीएमओ ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।
मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की मदद
प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस मुश्किल समय में प्रधानमंत्री ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।




















