फंदा में सीमेंट फैक्ट्री के विरोध में किसानों का चक्काजाम खत्म, दोबारा सुनवाई के भरोसे पर माने ग्रामीण

भोपाल। फंदा में प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों ने प्रशासन से आपत्तियों पर दोबारा सुनवाई का भरोसा मिलने के बाद चक्काजाम खत्म कर दिया। किसानों का प्रदर्शन दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक चला। इस दौरान हाईवे के दोनों ओर करीब 4-4 किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करते हुए हाईवे पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद खोला जाम
प्रदर्शन के दौरान हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया और तहसीलदार कुणाल राउत मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी आपत्तियों पर दोबारा सुनवाई कराने की सहमति जताई। साथ ही किसानों की बात वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीण चक्काजाम खत्म करने के लिए राजी हो गए।
भोजताल के कैचमेंट एरिया में फैक्ट्री लगाने पर आपत्ति
प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री से आसपास के गांवों के लोगों को परेशानी हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री के लिए प्रस्तावित स्थल भोजताल के कैचमेंट एरिया में आता है। ऐसे में फैक्ट्री से निकलने वाले केमिकल और अपशिष्ट से जल प्रदूषण का खतरा है। ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई कि फैक्ट्री से उड़ने वाली धूल के कारण वायु प्रदूषण बढ़ेगा जिससे आसपास रहने वाले लोगों को सांस संबंधी बीमारियां हो सकती हैं। किसानों ने प्रशासन से फैक्ट्री लगाने के फैसले पर रोक लगाने की मांग की है।
मशाल जुलूस निकालकर भी जताया था विरोध
सीमेंट फैक्ट्री के प्रस्ताव के खिलाफ ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे हैं। इससे पहले गुरुवार रात को भी ग्रामीणों ने मशाल जुलूस निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया था। अब किसानों ने प्रशासन से आपत्तियों पर दोबारा सुनवाई कराने की मांग की है।




















