भोपाल में हाई प्रोफाइल जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, आठ आरोपी गिरफ्तार, शराब और कैश के साथ पकड़ा

भोपाल। राजधानी भोपाल के टीला जमालपुरा इलाके में स्थित हरि मजार क्षेत्र में पुलिस ने रविवार-सोमवार की दरमियानी रात बड़ी कार्रवाई करते हुए हाई प्रोफाइल जुए के अड्डे पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने कुख्यात बदमाश मनीष नांदेड़ समेत आठ जुआरियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी होशंगाबाद जिले के निवासी हैं और भोपाल में जुआ खेलने आए थे।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
टीला जमालपुरा थाना प्रभारी (टीआई) डीपी सिंह ने बताया कि उन्हें एक गुप्त मुखबिर से जानकारी मिली थी कि होशंगाबाद और बाबई के कुख्यात अपराधी भोपाल में जुआ खेलने के लिए एकत्र हो रहे हैं। सूचना पुख्ता होने पर पुलिस ने हरि मजार इलाके की घेराबंदी कर देर रात दबिश दी। इस दौरान मनीष नांदेड़ सहित सात अन्य बदमाशों को रंगे हाथों जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब पौने दो लाख रुपए नकद, एक स्कॉर्पियो गाड़ी, अवैध शराब की बड़ी खेप, और अवैध हथियार बरामद किए हैं। तलाशी में यह भी सामने आया कि पकड़े गए सभी आरोपी पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले हैं।
कई मामलों में दर्ज हैं अपराध
गिरफ्तार किए गए बदमाशों में से अधिकांश के खिलाफ पूर्व में कई गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज हैं। टीआई डीपी सिंह के अनुसार, मनीष नांदेड़ क्षेत्र का कुख्यात अपराधी है और उसका गिरोह संगठित रूप से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। पुलिस का मानना है कि जुए की आड़ में यह गिरोह अन्य आपराधिक गतिविधियों की योजना भी बना रहा था।
जुए के अड्डे का संचालक एजाज अली फरार,
छापे की कार्रवाई के दौरान जुए के अड्डे का मुख्य संचालक एजाज अली मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है और संभावना जताई जा रही है कि वह जल्द ही गिरफ्त में आ सकता है। एजाज पर भी पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह शहर में कई अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
ये भी पढ़ें: भारत-पाक में जो भी हो रहा उस पर हमारी नजदीकी नजर, कभी भी टूट सकता है युद्ध विराम : मार्को रुबियो





















