PU Special :मानसून की उदासी को त्योहारों की रौनक ने किया दूर, मरीजों की मानसिक सेहत में हुआ सुधार

प्रवीण श्रीवास्तव, भोपाल। मानसून में लगातार बारिश, धूप की कमी और घरों में सीमित रहने से कुछ लोगों में सीजनल अफेक्टिव डिसऑर्डर (एसएडी) के लक्षण बढ़ जाते हैं। हालांकि, त्योहारों के दौरान सामाजिक सक्रियता, दोस्तों और रिश्तेदारों से मुलाकात ने ऐसे मरीजों की उदासी कम करने और आत्मविश्वास लौटाने में मदद की है।
तीन महीने से उदास थी राधिका
भोपाल की 32 वर्षीय राधिका सिन्हा (परिवर्तित नाम) ने तीन महीने से लोगों से मिलना-जुलना कम कर दिया था। उनकी नींद प्रभावित हुई और लगातार उदासी रहने लगी। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि वह सीजनल अफेक्टिव डिसऑर्डर (एसएडी) से पीड़ित हैं। परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने से उनकी दिनचर्या में बदलाव आया और मनोदशा में सुधार हुआ।
बारिश के दिनों में बढ़ी अमित की परेशानी
41 वर्षीय अमित भी बारिश के दिनों में चिड़चिड़ापन, थकान और अकेलेपन से परेशान थे। काउंसिलिंग के साथ उन्हें लोगों से मेलजोल बढ़ाने की सलाह दी गई। त्योहारों के दौरान सामाजिक गतिविधियों में शामिल होने से उनका आत्मविश्वास लौटा और उदासी कम हुई।
मानसून में धूप की कमी और घरों में रहने से बढ़ता है मौसमी अवसाद
दरअसल, मानसून के दौरान लगातार बारिश, धूप की कमी और घरों में सीमित रहने का असर लोगों की मानसिक सेहत पर पड़ता है। इस दौरान कुछ लोगों में सीजनल अफेक्टिव डिसऑर्डर (एसएडी) यानी मौसमी अवसाद के लक्षण बढ़ जाते हैं। ऐसे लोग उदासी, अकेलापन, थकान, नींद में बदलाव और व्यवहार में परिवर्तन जैसी परेशानियों से जूझते हैं, लेकिन गणेश उत्सव से शुरू हुए त्योहारों के सिलसिले ने इन लोगों को बीमारी से उबरने में मदद की है।
सामूहिक आयोजनों से मरीजों की दिनचर्या में आया बदलाव
जेपी अस्पताल स्थित मनकक्ष के साथ मनोचिकित्सकों के पास ऐसे मामले आ रहे हैं, जिनमें सामूहिक आयोजनों, गरबा, पूजा-पंडालों और रिश्तेदारों व दोस्तों से मुलाकात ने लोगों की दिनचर्या बदल दी। सामाजिक मेलजोल बढ़ने के साथ मरीजों की उदासी और अकेलेपन में कमी दर्ज की गई। त्योहारों के दौरान लोगों के बीच रहने और पारिवारिक गतिविधियों में शामिल होने से उनके भावनात्मक स्वास्थ्य पर सकारात्मक असर पड़ा।
धूप की कमी से प्रभावित होती है ब्रेन की जैविक घड़ी
मनोचिकित्सक डॉ. अवंतिका वर्मा बताती हैं कि सीजनल अफेक्टिव डिसऑर्डर डिप्रेशन का ही एक प्रकार है, जिसमें मौसम और रोशनी में बदलाव के साथ मानसिक स्थिति प्रभावित होती है। कम धूप मिलने से ब्रेन की सर्केडियन रिदम यानी जैविक घड़ी प्रभावित हो सकती है। इससे मेलाटोनिन हार्मोन के स्राव और नींद-जागने के चक्र में बदलाव आता है, जिसके कारण उदासी, थकान, नींद में अधिकता या कमी और काम में रुचि घटने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
सामाजिक मेलजोल से सक्रिय होता है ब्रेन का रिवॉर्ड सिस्टम
लोगों से मिलना, बातचीत करना और सामूहिक गतिविधियों में शामिल होना ब्रेन के रिवॉर्ड सिस्टम को सक्रिय करता है। इससे डोपामिन जैसे न्यूरोट्रांसमीटर की गतिविधि बढ़ सकती है, जो प्रेरणा और खुशी के अनुभव से जुड़े हैं। सकारात्मक सामाजिक संबंधों में ऑक्सीटोसिन की भूमिका भी महत्वपूर्ण होती है। दोस्तों और परिवार के साथ समय बिताने से तनाव की प्रतिक्रिया नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। जेपी अस्पताल के क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. राहुल शर्मा ने बताया कि मानसून में रोशनी की कमी और दिनचर्या में बदलाव कुछ लोगों में मौसमी अवसाद के लक्षण बढ़ा सकते हैं। सामाजिक सक्रियता सुधार में मददगार होती है। परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने से अकेलेपन की भावना घटती है। सकारात्मक सामाजिक अनुभव मरीजों के आत्मविश्वास और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं।




















