PU Special :हाईबीम की चकाचौंध बन रही सड़क हादसों की वजह, रात में कुछ सेकंड के लिए छिन जाती है आंखों की रोशनी

रात में तेज हाईबीम और सफेद LED हेडलाइट की चकाचौंध सड़क हादसों का खतरा बढ़ा रही है। मध्यप्रदेश में 2024 के दौरान 56,669 सड़क हादसों में 14,791 लोगों की मौत हुई। केंद्र सरकार ने हेडलाइट नियमों में संशोधन का प्रस्ताव रखा है।
हाईबीम की चकाचौंध बन रही सड़क हादसों की वजह, रात में कुछ सेकंड के लिए छिन जाती है आंखों की रोशनी
हाईबीम की चकाचौंध बन रही सड़क हादसों की वजह

विजय एस. गौर, भोपाल। रात में सड़क पर वाहन चलाते समय सामने से आने वाली गाड़ियों की तेज सफेद रोशनी कई बार कुछ सेकंड के लिए चालक की आंखों को चौंधिया देती है। इस दौरान सड़क, डिवाइडर और आगे चल रहे वाहन तक दिखाई देना बंद हो जाते हैं। हाईबीम और तेज LED हेडलाइट का इस्तेमाल रात के समय सड़क हादसों का गंभीर जोखिम बनता जा रहा है। इसकी कीमत कई परिवार अपने जवान बेटों को खोकर चुका रहे हैं। हेडलाइट की रोशनी और उसकी तीव्रता नियंत्रित करने के लिए नियमों में बदलाव की तैयारी है लेकिन सड़कों पर तेज रोशनी के इस्तेमाल पर प्रभावी नियंत्रण अब भी चुनौती बना हुआ है। करीब दस महीने पहले जबलपुर से भोपाल लौट रही एक कार गढ़ाकोटा (सागर) के पास हादसे का शिकार हो गई थी। परिजनों के मुताबिक सामने से आ रहे ट्रक की तेज रोशनी के कारण कार चालक की आंखें चौंधिया गईं और वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में भोपाल निवासी समीर अली (23) और खैबर अली (28) की मौत हो गई। मृतकों के परिजन हसन अली का कहना है कि तेज सफेद लाइटों के इस्तेमाल पर नियंत्रण के लिए सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि दूसरे परिवारों को इस तरह का नुकसान न उठाना पड़े।

छतरपुर में तेज रोशनी से बाइक का संतुलन बिगड़ने का आरोप

ऐसी ही एक घटना छतरपुर जिले में हुई थी। रात में मेला देखकर महाराजपुर लौट रहे 20 वर्षीय राजुल चौरसिया की बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में राजुल की मौत हो गई जबकि उसका दोस्त नीरज घायल हो गया। परिवार का आरोप है कि सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी के कारण बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हुआ। इन घटनाओं में परिजनों ने तेज हेडलाइट की रोशनी को हादसे की वजह बताया है। रात में वाहन चलाते समय सामने से आने वाली तेज रोशनी चालक की देखने की क्षमता को कुछ समय के लिए प्रभावित कर सकती है। ऐसे में सड़क की स्थिति और दूसरे वाहनों का सही अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।

भोपाल में एक साल में 1,470 हादसों का दावा

तेज हेडलाइट और हाईबीम की समस्या का अंदाजा भोपाल से जुड़े एक आंकड़े से भी लगाया जा सकता है। 15 फरवरी 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट में 108 एंबुलेंस सेवा के आंकड़ों के हवाले से बताया गया था कि वर्ष 2024 में भोपाल में हाईबीम की चकाचौंध से जुड़े 1,470 सड़क हादसे हुए। रिपोर्ट के मुताबिक, यह संख्या शहर में दर्ज कुल 5,600 हादसों का करीब 26 प्रतिशत थी। हालांकि इस आंकड़े का मूल डेटा और हादसों को हाईबीम से जोड़ने का आधार सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है। इसलिए इसे हाईबीम से जुड़े हादसों का आधिकारिक और प्रमाणित आंकड़ा नहीं माना जा सकता।

मध्यप्रदेश में हर दिन औसतन 41 लोगों की मौत

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2024 में मध्यप्रदेश में कुल 56,669 सड़क हादसे हुए। इन दुर्घटनाओं में 14,791 लोगों की जान गई। इस हिसाब से प्रदेश में सड़क हादसों में हर दिन औसतन करीब 41 लोगों की मौत हुई। हालांकि इन दुर्घटनाओं में कितने हादसे हाईबीम या तेज हेडलाइट की वजह से हुए, इसका अलग से कोई सरकारी आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। फिर भी रात में तेज रोशनी के कारण चालकों को होने वाली परेशानी सड़क सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है।

हैदराबाद में पटाखों की चिंगारी से आंखें को हो रहा नुकसान, 13 लोग अस्पताल में भर्ती

हेडलाइट की तीव्रता नियंत्रित करने के लिए नियमों में संशोधन का प्रस्ताव

हाईबीम और तेज हेडलाइट की चकाचौंध कम करने के लिए केंद्र सरकार ने हेडलाइट से जुड़े नियमों में संशोधन का प्रस्ताव रखा है। इसमें दोपहिया वाहनों के ऑटोमैटिक हेडलैंप को केवल लो बीम पर संचालित करने, हेडलाइट की अधिकतम रोशनी की तीव्रता घटाने और रंग तापमान की सीमा निर्धारित करने जैसे प्रावधान शामिल हैं। अगस्त 2026 में प्रकाशित प्रस्ताव के अनुसार दोपहिया वाहनों के ऑटोमैटिक हेडलैंप को लो बीम पर संचालित करने की व्यवस्था लागू करने की तारीख 1 अप्रैल 2028 रखी गई है। इन बदलावों का उद्देश्य वाहनों की हेडलाइट से निकलने वाली अत्यधिक रोशनी को नियंत्रित करना और रात में सामने से आने वाले चालकों को होने वाली परेशानी कम करना है।

Featured News

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होती है कार्रवाई: ट्रांसपोर्ट कमिश्नर

ट्रैफिक नियमों के पालन और तेज रोशनी के इस्तेमाल पर कार्रवाई को लेकर ट्रांसपोर्ट कमिश्नर उमेश जोगा ने कहा कि लगातार चेकिंग की जाती है। मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। सिटी एरिया में ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर भी चेकिंग अभियान चलाया जाता है। उन्होंने कहा लगातार चेकिंग होती है और मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाती है। सिटी एरिया में ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर चेकिंग होती है।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts