भोपाल में एक्टिवा और जूपिटर से शराब की अवैध सप्लाई, दो लोग गिरफ्तार; होटल-ढाबों पर भी कार्रवाई

भोपाल। शहर में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई की। इस दौरान एक्टिवा और जूपिटर से शराब ले जा रहे दो लोगों को पकड़ा गया। इनमें से एक व्यक्ति के घर की तलाशी में विदेशी शराब की 15 बोतलें भी मिलीं। इसके अलावा होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर जांच के दौरान शराब के अवैध सेवन और पिलाने से जुड़े 10 से अधिक प्रकरण दर्ज किए गए।
एक्टिवा से शराब ले जा रहे व्यक्ति को पकड़ा
आबकारी कंट्रोलर वर्षा उइके ने बताया कि सहायक जिला आबकारी अधिकारी अर्चना जैन और उनकी टीम ने घोड़ा नक्काश निवासी चंचल साहू को एक्टिवा से अवैध रूप से शराब का परिवहन करते हुए पकड़ा। इसके बाद उसके घर की तलाशी ली गई, जहां से विदेशी शराब की 15 बोतलें बरामद हुईं।
पीएंडटी चौराहे के पास जूपिटर सवार पकड़ा गया
इसी तरह सहायक जिला आबकारी अधिकारी शरद मिश्रा और उनकी टीम ने पीएंडटी चौराहे के पास जूपिटर से अवैध शराब की सप्लाई करते हुए एक व्यक्ति को पकड़ा। उसके खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में भी सर्चिंग
अवैध शराब के सेवन और पिलाने पर रोक लगाने के लिए विभाग ने होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में भी तलाशी अभियान चलाया। सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीति उइके ने बैरागढ़ क्षेत्र में जबकि उप निरीक्षक स्वाति बघेल ने करोंद क्षेत्र में संचालित प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान संचालकों और शराब के अवैध सेवन से जुड़े मामलों में 10 से अधिक प्रकरण बनाए गए।
देवास शराब कांड के तार इंदौर से जुड़े: दवा बाजार से केमिकल मंगाकर तैयार किया नकली मिश्रण
अलग-अलग क्षेत्रों में रोजाना कार्रवाई
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और सेवन पर रोक लगाने के लिए विभाग की टीमें रोजाना अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न इलाकों में निगरानी और जांच जारी है।




















