Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव में हरदीप सिंह पुरी होंगे भाजपा के उम्मीदवार

भाजपा ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा की रिक्त सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार घोषित किया है। यह सीट भाजपा नेता एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। पूर्व राजनयिक पुरी वर्ष 2014 में भाजपा में शामिल हुए थे और 2017 में मंत्री बने। वर्तमान में वे केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव में हरदीप सिंह पुरी होंगे भाजपा के उम्मीदवार

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को अपना उम्मीदवार घोषित किया। यह घोषणा राज्यसभा की खाली हुई सीट पर पार्टी की ओर से प्रत्याशी तय किए जाने के बाद की गई है। पुरी वर्तमान में केंद्र सरकार में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

X Post

राजनयिक से केंद्रीय मंत्री तक का सफर

हरदीप सिंह पुरी का जन्म 15 फरवरी 1952 को दिल्ली में हुआ था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से इतिहास में स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई की। वे 1974 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी रहे और करीब 39 वर्षों तक राजनयिक के रूप में सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने जिनेवा और न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि के तौर पर काम किया। वर्ष 2014 में भाजपा में शामिल होने के बाद 2017 में उन्हें मंत्री बनाया गया।

एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई सीट

मध्य प्रदेश से राज्यसभा की यह सीट भाजपा नेता एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। मुरुगन तमिलनाडु से आते हैं और केंद्र सरकार में मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देते हुए राज्य की राजनीति पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही थी। इसके बाद खाली हुई सीट पर भाजपा ने हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया है। उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश भाजपा ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए 4-5 संभावित नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजने का निर्णय लिया था, लेकिन केंद्र ने पुरी के नाम पर मुहर लगाई।

...तो 12 नवंबर को होगा मतदान

मध्य प्रदेश की खाली राज्यसभा सीट पर 12 नवंबर को मतदान होना है।इससे पहले उम्मीदवारों को नामांकन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। नामांकन 2 नवंबर तक जमा किए जाएंगे। घोषित चुनाव कार्यक्रम के तहत नामांकन, जांच और नाम वापस लेने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यदि एक से ज्यादा उम्मीदवार होते हैं तो मतदान कराया जाएगा। इस सीट पर निर्वाचित होने वाले सदस्य का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक रहेगा।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts