Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हरदीप पुरी को मप्र से राज्यसभा टिकट देने पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने उठाए सवाल, कूनो नेशनल पार्क में चीता शावक की मौत पर भी घेरा

मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने हरदीप सिंह पुरी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा का टिकट देने पर भाजपा की राजनीतिक मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश को राजनीतिक प्रयोगशाला समझती है। वहीं, कूनो नेशनल पार्क में चीता शावक की मौत और उसके शरीर में छर्रे मिलने की बात पर वन्यजीव सुरक्षा व्यवस्था को कठघरे में खड़ा किया।
हरदीप पुरी को मप्र से राज्यसभा टिकट देने पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने उठाए सवाल, कूनो नेशनल पार्क में चीता शावक की मौत पर भी घेरा
उमंग सिंघार फाइल फोटो

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा द्वारा हरदीप सिंह पुरी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा का टिकट दिए जाने पर सवाल उठाते हुए इसे भाजपा की राजनीतिक मंशा और खौफ बताया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि एपस्टीन फाइल्स में नाम सामने आने को लेकर चर्चा में रहे हरदीप सिंह पुरी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा का टिकट देना भाजपा के खौफ को उजागर करता है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश के बजाय मध्यप्रदेश की सीट का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हितों और निजी स्वार्थों के लिए किया है।

मध्यप्रदेश को राजनीतिक प्रयोगशाला बनाने का आरोप

सिंघार ने कहा कि भाजपा की इस राजनीति से स्पष्ट है कि वह मध्यप्रदेश को अपने राजनीतिक प्रयोगों की प्रयोगशाला समझती है। प्रदेश की जनता के हितों और सम्मान की अनदेखी कर अपने सियासी समीकरण साधना भाजपा की कार्यशैली बन गई है। उन्होंने  यह भी कहा कि क्या भाजपा को मध्यप्रदेश में कोई नेता नहीं मिला? सिंघार ने कहा, हम मध्यप्रदेश को भाजपा की प्रयोगशाला नहीं बनने देंगे।

ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव में हरदीप सिंह पुरी होंगे भाजपा के उम्मीदवार

कूनो में चीता शावक की मौत पर वन्यजीव सुरक्षा पर चिंता

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कूनो नेशनल पार्क में चीता शावक की मौत और उसके शरीर में छर्रे मिलने की बात पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना प्रदेश में वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपए खर्च कर मध्यप्रदेश में चीते लाए गए, उनके संरक्षण और सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन जब उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात आती है, तो सरकार की जवाबदेही कहां नजर आती है? यदि संरक्षित क्षेत्र में चीता शावक की मौत होती है और उसके शरीर में छर्रे मिलने की बात सामने आती है, तो यह पूरे वन्यजीव सुरक्षा तंत्र की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े करता है।

निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

सिंघार ने कहा मुख्यमंत्री जी, पिंजरा खोलकर स्टंट करना जानते हैं, लेकिन चीतों की सुरक्षा सुनिश्चित करना नहीं! इस लापरवाही का जवाब कौन देगा और दोषियों पर कार्रवाई कब होगी? उन्होंने मांग की कि चीता शावक की मौत के मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

ये भी पढ़ें: Kuno National Park में 19 महीने के घायल शावक की मौत, पेट में मिले छर्रे, जांच में जुटी टीमें

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts