भोपाल:इलेक्ट्रिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट की नई शुरुआत, 3 रूट पर दौड़ीं बसें

भोपाल में स्वच्छ और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सोमवार से इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल रन शुरू हो गया। बैरागढ़ डिपो से निकली ई-बसें शहर के तीन प्रमुख रूटों पर दौड़ीं। यह ट्रायल अगले पांच दिनों तक जारी रहेगा। यदि परीक्षण सफल रहता है तो अगस्त से आम नागरिक इन बसों में सफर कर सकेंगे।
तीन रूटों पर हो रहा ट्रायल
ट्रायल के दौरान ई-बसों का संचालन बैरागढ़ डिपो से पुराने भोपाल होते हुए बोर्ड ऑफिस तक किया जा रहा है। इसके बाद बसें भोपाल रेलवे स्टेशन (प्लेटफॉर्म नंबर-1) और बैरागढ़-चीचली-कोलार रूट पर चलाई जा रही हैं। इस दौरान ट्रैफिक दबाव, रूट की व्यवहारिकता और संचालन से जुड़ी तकनीकी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जा रहा है।
अभी यात्रियों को सफर की अनुमति नहीं
फिलहाल यह केवल तकनीकी ट्रायल है इसलिए आम यात्रियों को बसों में यात्रा करने की अनुमति नहीं दी गई है। हालांकि शहर के पार्षदों को ट्रायल रन में शामिल कर बसों की सुविधाओं और संचालन का अनुभव कराया जाएगा।
दो शिफ्ट में चल रहा परीक्षण
ई-बसों का ट्रायल प्रतिदिन दो शिफ्ट में किया जा रहा है।
- सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक
- दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक
इन पांच दिनों के दौरान बसों की परफॉर्मेंस, चार्जिंग सिस्टम, ब्रेकिंग, ट्रैफिक मूवमेंट और अन्य तकनीकी पहलुओं का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: रायसेन: बाड़ी पुलिस ने चलाया नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान, बस-ऑटो में लगाए जागरूकता पोस्टर
21 इलेक्ट्रिक बसें पहुंचीं, जल्द आएंगी 20 और
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार अब तक भोपाल में 21 इलेक्ट्रिक बसें पहुंच चुकी हैं। अगले 10 से 12 दिनों में 20 और नई बसें मिलने की संभावना है। इसके बाद शहर का इलेक्ट्रिक बस बेड़ा और मजबूत होगा।
बैरागढ़ डिपो में तैयार हुई चार्जिंग व्यवस्था
ई-बसों के नियमित संचालन को ध्यान में रखते हुए बैरागढ़ डिपो में आधुनिक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। यहां 11 चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं ताकि बसों की चार्जिंग बिना किसी बाधा के हो सके और संचालन प्रभावित न हो।
कैबिनेट बैठक में भी हुई थी ई-बसों की शुरुआत
रविवार को जगदीशपुर में आयोजित कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने इन्हीं नई इलेक्ट्रिक बसों से यात्रा की थी। इसके अगले ही दिन इन बसों का शहर में आधिकारिक ट्रायल रन शुरू कर दिया गया।












