झारखंड: कथारा कोलियरी में कोयले का ढेर ढहा, 3 महिलाओं की मौत; 4 घायल

झारखंड के बोकारो जिले में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) की कथारा कोलियरी में कोयले का भारी ढेर अचानक ढह गया। इसकी चपेट में आने से तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय सभी लोग घरेलू इस्तेमाल और ईंधन के लिए कोयला इकट्ठा कर रहे थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कोयला इकट्ठा कर रहे थे ग्रामीण, अचानक ढहा ढेर
जानकारी के मुताबिक, हादसा बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल स्थित कथारा कोलियरी के स्टॉकयार्ड नंबर-5 में हुआ। आसपास के गांवों के कुछ लोग घरेलू इस्तेमाल के लिए फेंका हुआ कोयला इकट्ठा करने पहुंचे थे। इसी दौरान कोयले का एक बड़ा ढेर अचानक भरभराकर गिर गया। इसकी चपेट में छह महिलाएं और एक पुरुष आ गए। सभी कोयले के भारी मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
तीन महिलाओं की मौके पर मौत, चार लोग गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और CCL प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद सभी सात लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल मिले। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, जान गंवाने वाली तीनों महिलाएं बांध बस्ती की रहने वाली थीं।
पुलिस और CCL प्रबंधन कर रहे जांच
बेरमो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) रविंद्र सिंह ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस और CCL प्रबंधन की टीमें घटना की जांच कर रही हैं। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कोयले का भारी ढेर किन परिस्थितियों में अचानक ढह गया। इस हादसे के बाद कथारा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में शोक का माहौल है। मृत महिलाओं के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।




















