निशातपुरा स्टेशन तैयार, लेकिन उद्घाटन अटका :रेलवे बोर्ड अध्यक्ष से लेकर जोन जीएम, प्रमुख वाणिज्य प्रबंधक तक ने देखा फिर भी नहीं मिली हरी झंडी

मनोज चौरसिया, भोपाल। तीन साल पहले स्टेशन बनकर तैयार हो गया। करोड़ों रुपए खर्च हो गए। सांसद से लेकर रेलवे बोर्ड के शीर्ष अधिकारी 20 से ज्यादा बार निरीक्षण कर गए। उद्घाटन की चार डेडलाइन भी निकल गईं। फिर भी निशातपुरा रेलवे स्टेशन आज तक पहली यात्री ट्रेन का इंतजार कर रहा है। भोपाल और रानी कमलापति स्टेशन का दबाव कम करने के लिए बनाए गए इस स्टेशन पर न ट्रेनें रुक रही हैं और न ही यात्रियों की आवाजाही शुरू हो सकी है। दूसरी ओर बंद पड़े स्टेशन पर धूल जम रही है, नल टूट रहे हैं और सरकारी निवेश धीरे-धीरे बदहाली में बदलता जा रहा है।
वीरान पड़ा निशातपुरा स्टेशन
आलम यह है कि स्टेशन अब बदहाल होने लगा है, यहां नलों की टोटियां टूट चुकी हैं, अधिकारियों के लिए बने कक्षों पर धूल जमा है। पेड़-पौधे सूख चुके हैं, रास्ता ऊबड़-खाबड़ हो चुका है। सीमेंट का गोदाम भी शिफ्ट नहीं हो सका। स्टेशन के उद्घाटन को लेकर रेलवे अधिकारियों का जवाब हर बार लगभग एक जैसा ही रहता है जल्द ही उद्घाटन किया जाएगा, फाइल हेड ऑफिस भेज दी गई है। लेकिन जब उद्घाटन की तय तारीख के बारे में पूछा जाता है, तो कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती। स्थिति यह है कि लंबे समय से आश्वासन तो मिल रहे हैं, लेकिन अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि स्टेशन कब से शुरू होगा।
भोपाल और आरकेएमपी का दबाव कम करने हुआ निर्माण
बता दें कि यहां रुकने वाली मालवा एक्सप्रेस और जबलपुर-वरावल (सोमनाथ) एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के ठहराव को भी मंजूरी मिल चुकी है। फिर भी हकीकत में एक भी ट्रेन का ठहराव शुरू नहीं हुआ है। हैरानी की बात यह है कि जहां एक ओर यहां ट्रेनों का आधिकारिक ठहराव नहीं है, वहीं दूसरी ओर भोपाल स्टेशन और आरकेएमपी का दबाव कम करने के लिए इस स्टेशन का निर्माण किया गया था। भोपाल स्टेशन पर कई ट्रेनें स्टेशन के पास आउटर पर लंबे समय तक खड़ी रहती हैं। यानी ट्रेनें पास में रुकती जरूर हैं, लेकिन यात्रियों को चढ़ने-उतरने की सुविधा नहीं मिल रही, जिससे समय की बबार्दी और अनावश्यक परेशानी दोनों बढ़ रही हैं।
प्लेटफॉर्म पर लगाए गए नलों की टोटियां गायब हो चुकी हैं
यह होगा फायदा
निशातपुरा रेलवे स्टेशन शुरू होने से ट्रेनों में इंजन रिवर्सल की समस्या काफी हद तक खत्म हो सकती है। यदि भोपाल स्टेशन पर खत्म होने वाली कुछ ट्रेनों का अंतिम स्टेशन निशातपुरा कर दिया जाए, तो इंजन की दिशा बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अभी भोपाल स्टेशन पर इंजन रिवर्सल में करीब 30 से 45 मिनट का समय लग जाता है, जिससे ट्रेनें अक्सर लेट हो जाती हैं। लेकिन निशातपुरा से ट्रेनों को सीधे इंदौर, उज्जैन और रतलाम की ओर भेजना आसान होगा, जिससे समय की बचत होगी और ट्रेनों की समयपालन में भी सुधार आएगा।
निशातपुरा स्टेशन के हाल बद से बदतर
निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर अब तक हुए निरीक्षण
इस तरह समय-समय पर कई वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने निरीक्षण किया, लेकिन इसके बावजूद स्टेशन अब तक शुरू नहीं हो सका है।
सितंबर 2024 - रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार ने निरीक्षण किया।
जनवरी 2025 - सांसद अलोक शर्मा ने निरीक्षण किया।
फरवरी 2025 - पश्चिम मध्य रेलवे के प्रमुख परिचालन प्रबंधक ने निरीक्षण किया।
जून 2025 - तत्कालीन डीआरएम देवाशीष त्रिपाठी ने निरीक्षण किया।
नवंबर 2025 - रेलवे बोर्ड सदस्य (एमओबीडी) हितेन्द्र मल्होत्रा ने निरीक्षण किया।
मार्च 2026 - पमरे प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार रजक ने निरीक्षण किया।
स्टेशन पर लगा बोर्ड खराब हो चुका है, प्लेटफॉर्म पर जगह-जगह गंदगी फैली हुई है
निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर किए गए खर्च
नए प्लेटफॉर्म, स्टेशन भवन, पार्किंग क्षेत्र और एप्रोच रोड के निर्माण पर 4.53 करोड़ रुपए खर्च किए गए।
पैदल पुल (फुटओवर ब्रिज) के निर्माण पर 1.48 करोड़ रुपए खर्च हुए।
पैदल पुल पर दो लिफ्ट लगाने में 98 लाख रुपए खर्च किए गए।
प्लेटफॉर्म पर कोच गाइडेंस सिस्टम, उद्घोषणा प्रणाली, कवर शेड, लाइटिंग और अन्य यात्री सुविधाओं पर 2.42 करोड़ रुपए खर्च हुए।
ट्रेनों के कोच में पानी भरने की व्यवस्था के लिए 2.93 करोड़ रुपए खर्च किए गए।
सिर्फ चर्चा होती रहती है स्टेशन शुरू नहीं हो रहा
निशातपुरा स्टेशन के शुरू होने की चर्चा ही होती रहती है, लेकिन अभी तक इसका शुभारंभ नहीं हो सका। स्टेशन शुरू होने से यहां के लोगों को रोजगार मिलेंगे, क्षेत्र विकसित होगा। भोपाल और आरकेएमपी स्टेशन तक नहीं जाना पड़ेगा। - पूरन चौरसिया, निवासी, छोला
कई बार निरीक्षण हुआ तो आस लगी कि होगी शुरुआत
यह क्षेत्र काफी पिछड़ा है, स्टेशन शुरू होने से यहां आवाजाही बढ़ेगी, क्षेत्र के लोगों को कहीं आने-जाने की सुविधाएं मिलेंगी। अधिकारियों ने कई मर्तबा निरीक्षण किया तो आस जागी कि स्टेशन जल्द शुरू होगा। - विनोद कुमार, निवासी, छोला
अगस्त में शुभारंभ की तैयारियां - DM
निशातपुरा स्टेशन को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, संभवत: अगले माह जल्द ही अगस्त में इसकी सौगात मिल सकती है। - पंकज त्यागी, डीआरएम, भोपाल मंडल
सांसद बोले- रेलवे मंत्री से मिलेंगे
निशातपुरा स्टेशन को जल्द शुरू करने का प्रस्ताव संसद में रखेंगे और रेलवे मंत्री से मिलकर इस पर चर्चा करेंगे। हमारा प्रयास है कि शहरवासियों को जल्द ही इस स्टेशन की सौगात मिले। - आलोक शर्मा, सांसद, भोपाल
अब तक सामने आई डेड लाइन
जून 2023 - स्टेशन बनकर तैयार हुआ, जल्द उद्घाटन और संचालन की बात कही गई, लेकिन शुरू नहीं हो पाया।
फरवरी 2024 - रेलवे ने विभिन्न चरणों में संचालन शुरू करने की बात कही, लेकिन तकनीकी और परिचालन कारणों से तारीख आगे बढ़ती रही।
जनवरी 2026 - रेलवे अधिकारियों ने लक्ष्य रखा कि जनवरी 2026 से स्टेशन चालू होगा, लेकिन यह समयसीमा भी निकल गई।
जुलाई 2026 - अब फिर अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन जल्द शुरू होगा, लेकिन अभी तक उद्घाटन या नियमित ट्रेनों का ठहराव शुरू नहीं हुआ है।











