छात्रावास की बदहाली से बगावत पर उतरी नई पीढ़ी, 100 KM पैदल चलकर कलेक्टर से मिलने निकले छात्र

शहडोल। छात्रावासों की अव्यवस्थाओं के खिलाफ शहडोल में विद्यार्थियों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। कभी छात्राएं तो कभी छात्र अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक पैदल पहुंचने का रास्ता चुन रहे हैं। ब्यौहारी के मॉडल खंडोली विद्यालय के छात्र छात्रावास की अव्यवस्थाओं से नाराज होकर कलेक्टर से मिलने करीब 100 किलोमीटर की पदयात्रा पर निकल पड़े। रीवा-शहडोल राज्य मार्ग पर आगे बढ़ रहे छात्र खबर लिखे जाने तक छह किलोमीटर से अधिक का सफर तय कर चुके थे।
छात्रों का कहना है कि छात्रावास में व्याप्त समस्याओं के समाधान के लिए वे जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर के सामने अपनी बात रखना चाहते हैं। हालांकि, उनकी प्रमुख मांग सड़क निर्माण से जुड़ी बताई जा रही है। छात्रों के पैदल निकलने की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग उन्हें समझाने और वापस लौटाने का प्रयास कर रहा है।
छात्रावास की समस्याओं को लेकर पैदल निकले छात्र
जानकारी के मुताबिक, ब्यौहारी के मॉडल खंडोली विद्यालय के छात्र छात्रावास की व्यवस्थाओं से नाराज हैं। अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने जिला मुख्यालय तक पैदल जाने का फैसला किया। हालांकि, उनकी प्रमुख मांग सड़क निर्माण से जुड़ी बताई जा रही है। छात्रों के पैदल मार्च की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी उन्हें समझाने और वापस लौटाने का प्रयास कर रहे हैं।
एक दिन पहले छात्राएं भी दीवार फांदकर निकली थीं
छात्रों के इस पैदल मार्च से एक दिन पहले जयसिंहनगर के आवासीय विद्यालय की छात्राएं भी छात्रावास की समस्याओं को लेकर कलेक्टर से मिलने निकल पड़ी थीं। छात्राएं छात्रावास की दीवार फांदकर बाहर आई थीं और करीब 40 किलोमीटर पैदल चलकर जिला मुख्यालय पहुंचना चाहती थीं। इससे पहले भी जिले के अलग-अलग आवासीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर जिला मुख्यालय तक पैदल मार्च कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले छात्रों के बीच विवाद भी हुआ था। हालांकि, मौजूदा घटनाक्रम में छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी सामने आई है।
छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर उठ रहे सवाल
जिले में लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने शिक्षा और आदिवासी विकास विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्र-छात्राओं को अपनी समस्याएं बताने के लिए स्कूल और छात्रावास छोड़कर लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि छात्रावासों में विद्यार्थियों की शिकायतें सुनने और उनका समाधान करने की व्यवस्था कितनी प्रभावी है।
छात्रों को समझाकर वापस लाने की कोशिश
जिला शिक्षा अधिकारी अतुल चौधरी ने बताया कि छात्रों के पैदल निकलने की जानकारी मिली है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वे सड़क निर्माण की मांग को लेकर निकले हैं। एक दिन पहले छात्रों के बीच विवाद भी हुआ था। उन्होंने कहा कि बच्चों को समझाकर पैदल जाने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है। उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर समाधान किया जाएगा।




















