मुरैना में पुलिस और डकैतों के बीच मुठभेड़, 60 हजार का इनामी कल्ली गुर्जर घायल; साथी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के मुरैना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चंबल के 60 हजार रुपये के इनामी डकैत कल्ली गुर्जर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। एनकाउंटर के दौरान कल्ली गुर्जर घायल हो गया, जबकि उसके साथी अजय को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से इंग्लिश राइफल और 60 राउंड कारतूस बरामद किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर जंगल में पहुंची पुलिस
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डकैत कल्ली गुर्जर अपने गिरोह के साथ बानमोर थाना क्षेत्र के पहाड़ी गांव के जंगल में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही डकैतों ने की फायरिंग
पुलिस को देखते ही डकैत गिरोह ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। बताया जा रहा है कि डकैतों की तरफ से 20 से ज्यादा राउंड गोलियां चलाई गईं। फायरिंग बंद होने के बाद पुलिस ने जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान कल्ली गुर्जर घायल अवस्था में मिला। उसके घायल होते ही गिरोह के बाकी सदस्य जंगल से भाग निकले।
राइफल और 60 कारतूस बरामद, साथी अजय भी गिरफ्तार
पुलिस ने कल्ली गुर्जर के पास से .306 इंग्लिश राइफल और 60 राउंड कारतूस बरामद किए हैं। वहीं, मुठभेड़ के दौरान गोली चलाने वाले उसके साथी अजय को भी गिरफ्तार किया गया है। घायल कल्ली गुर्जर को इलाज के लिए मुरैना जिला अस्पताल लाया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंच रहे हैं। पुलिस अब फरार डकैतों की तलाश में जुटी है।




















