भोपाल:अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान हंगामा, नगर निगम टीम से धक्का-मुक्की; आरोपी पर केस दर्ज

भोपाल के गोविंदपुरा क्षेत्र स्थित नर्मदा कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने निगम कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की, गाली-गलौच की और उन पर हमला करने की कोशिश की। आरोप है कि एक युवक ने कर्मचारी पर ईंट से हमला करने का प्रयास किया और एक कर्मचारी का मोबाइल भी तोड़ दिया। घटना के बाद शाहपुरा थाना पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
नाले पर बने टीनशेड और झुग्गियां हटाने पहुंची थी टीम
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे नगर निगम का अतिक्रमण निरोधक दस्ता गोविंदपुरा स्थित नर्मदा कॉलोनी पहुंचा था। यहां नाले के ऊपर करीब 8 से 10 टीनशेड और झुग्गियां बनी हुई थीं, जिन पर चार परिवारों का कब्जा बताया गया। नगर निगम की टीम जैसे ही अतिक्रमण हटाने लगी, वहां मौजूद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।
कर्मचारियों पर हमला करने की कोशिश
नगर निगम के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौच की और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इस दौरान एक युवक ने कर्मचारी पर हमला करने के लिए ईंट उठा ली। हालांकि अन्य कर्मचारियों ने समय रहते ईंट छीन ली जिससे बड़ा हादसा टल गया। विवाद के दौरान एक कर्मचारी का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया। आरोप है कि कर्मचारी के साथ मारपीट करने की भी कोशिश की गई।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर के बरवानी गांव में युवक ने की आत्महत्या, फंदे पर लटका मिला शव
कर्मचारी को गिराया, फिर बुलाई गई पुलिस
अतिक्रमण अधिकारी शैलेंद्र सिंह भदौरिया के अनुसार विवाद के दौरान आरोपी रामपाल ने कर्मचारी नीतेश को धक्का देकर नीचे गिरा दिया और उस पर ईंट फेंकने का प्रयास किया। घटना की सूचना तुरंत शाहपुरा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की गई।
सीएम हेल्पलाइन में लंबित थी शिकायत
नगर निगम के अनुसार नाले पर बने अतिक्रमण को लेकर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जो 100 दिनों से अधिक समय से लंबित थी। इसके अलावा संबंधित गृह निर्माण सोसायटी ने भी अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। नगर निगम का कहना है कि अतिक्रमणकारियों को पिछले 5 से 6 महीनों से लगातार नोटिस देकर कब्जा हटाने के लिए कहा जा रहा था। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
शाहपुरा थाने में FIR दर्ज
अतिक्रमण अधिकारी शैलेंद्र सिंह भदौरिया की शिकायत पर शाहपुरा थाना पुलिस ने आरोपी रामपाल के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।












