Durg Bhilai:भिलाई में वेलनेस स्पा की आड़ में देह व्यापार का खुलासा, मैनेजर-महिला दलाल समेत 9 गिरफ्तार

दुर्ग भिलाई: दुर्ग जिले के जुनवानी इलाके में वेलनेस स्पा सेंटर की आड़ में कथित देह व्यापार संचालित किए जाने का पुलिस ने खुलासा किया है। स्मृतिनगर पुलिस ने सूचना के आधार पर ली वेलनेस स्पा सेंटर में दबिश देकर मैनेजर, महिला दलाल और ग्राहकों समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 19 मोबाइल फोन, 1,900 रुपए नकद और कुछ दस्तावेज व अन्य सामग्री जब्त की है।
स्पा सेंटर पर पुलिस की दबिश, 9 लोग गिरफ्तार
स्मृतिनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में ग्राहकों से पैसे लेकर महिलाओं को उपलब्ध कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने सेंटर पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके पर कई लोग संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। पुलिस ने मामले में स्पा सेंटर के मैनेजर, महिला दलाल और ग्राहकों समेत कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है।

मैनेजर पर महिलाओं को ग्राहकों तक पहुंचाने का आरोप
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के मुताबिक, जांच के दौरान स्पा सेंटर के मैनेजर तनय सोनी की भूमिका सामने आई। पुलिस का आरोप है कि वह ग्राहकों से पैसे लेकर महिलाओं को उपलब्ध कराता था। वहीं, पुलिस जांच में हेमा सिंह उर्फ प्रीत के जरिए महिलाओं को बुलाए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गतिविधियों और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें: Durg Bhilai News: दुर्ग यूनिवर्सिटी के कुलसचिव गिरफ्तार: महिला कर्मचारी के वेतन से डेढ़ लाख की हेराफेरी का आरोप
4 लाख के 19 मोबाइल फोन जब्त
पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 4 लाख रुपए कीमत के 19 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। इसके अलावा ग्राहकों से मिले 1,900 रुपए नकद और कथित देह व्यापार से संबंधित दस्तावेज व अन्य सामग्री भी पुलिस ने जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए मोबाइल फोन और दस्तावेजों की जांच से इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।
इन 9 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले में तनय सोनी, हेमा सिंह, रूपेन्द्र जंघेल, रितिक सोनी, दिनेन्द्र कुमार सोनी, हेमंत सिन्हा, अविनाश शर्मा उर्फ अभी, आनंद कुमार और अरुण पाण्डेय को गिरफ्तार किया है।
अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत केस
स्मृतिनगर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्पा सेंटर में कथित गतिविधि कब से चल रही थी और इसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।











