बेटमा में युवा-किसान संवाद, भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने का दावा
बेटमा। बियानी गार्डन में रविवार को मोथला दरबार मेहरबान सिंह कछावा के नेतृत्व में युवा एवं किसान संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बेटमा और गौतमपुरा क्षेत्र के 50 से अधिक गांवों से युवा, किसान और ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने दावा किया कि भाजपा से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ताओं और सदस्यों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव सत्यनारायण पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, राधेश्याम मुवेल सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नए सदस्यों का कांग्रेस नेताओं ने तिरंगे और कांग्रेस के पंजे वाले गमछे पहनाकर स्वागत किया।
उमंग सिंघार ने किसानों और युवाओं के मुद्दे उठाए
युवा एवं किसान संवाद को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार पर किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों की परेशानी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसान खाद के टोकन के लिए लंबी कतारों में खड़े हैं, जबकि शराब खरीदने के लिए टोकन की जरूरत नहीं है। सिंघार ने फसल बीमा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसानों से बीमा राशि ली जाती है, लेकिन फसल खराब होने की स्थिति में कई किसानों को अपेक्षित मुआवजा नहीं मिल पाता। उन्होंने बीमा कंपनियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों के हितों से जुड़े इन मुद्दों को आगामी विधानसभा सत्र में उठाया जाएगा। उन्होंने पेपर लीक, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाने की बात कही।
सत्यनारायण पटेल ने राहुल गांधी का किया जिक्र
पूर्व कांग्रेस सचिव सत्यनारायण पटेल ने अपने संबोधन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने निडरता से अपनी बात रखने का साहस राहुल गांधी में है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को उठा रही है। पटेल ने क्षेत्र में सोयाबीन की खराब फसल का तत्काल सर्वे कराने और प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न योजनाओं और मास्टर प्लान के नाम पर किसानों की जमीनों का अधिग्रहण किया जा रहा है। उन्होंने बेटमा और गौतमपुरा में कॉलेज खोलने की घोषणाओं का मुद्दा भी उठाया और कहा कि घोषणा के बावजूद इस दिशा में काम शुरू नहीं हुआ है।
भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने का दावा
कार्यक्रम में दरबार मेहरबान सिंह कछावा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं की मौजूदगी रही। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि बेटमा और आसपास के 50 से अधिक गांवों से पहुंचे भाजपा से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कांग्रेस नेताओं ने उन्हें क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं को उठाने और संगठन के साथ काम करने की बात कही। सदस्यता ग्रहण करने वालों में युवा कार्यकर्ताओं के साथ बुजुर्ग भी शामिल बताए गए।
आदिवासी जमीन और रिंग रोड का मुद्दा उठा
संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने क्षेत्र की जमीन और विकास से जुड़ी समस्याएं भी कांग्रेस नेताओं के सामने रखीं। सिंधीपुरा के ललित मकवाना ने बताया कि वर्ष 1960 में 26 आदिवासी परिवारों को करीब 350 बीघा जमीन के पट्टे मिले थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अब इस जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया की जा रही है और मामले में उचित सुनवाई नहीं हो रही है। पुजारी संघ के अध्यक्ष बैरागी ने मंदिर की जमीनों के अधिग्रहण पर रोक लगाने और वर्ष 1974 के खाता-खसरा रिकॉर्ड में नाम दर्ज करने की मांग रखी। वहीं ग्रामीणों ने रिंग रोड के लिए करीब 10 परिवारों की 12 बीघा कृषि भूमि अधिग्रहित किए जाने के बावजूद उचित मुआवजा नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया। उमंग सिंघार ने संबंधित मामलों में कलेक्टर से चर्चा कर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
ये भी पढ़ें: अतिथि शिक्षकों का दर्द, बोले- लाखों डॉक्टर-इंजीनियर बनाए, आज हम ही फटेहाल
छात्रा ने समान पुस्तकों और शिक्षा व्यवस्था का मुद्दा उठाया
कार्यक्रम में छात्रा संध्या ने स्कूलों में समान पुस्तकें लागू करने की मांग रखी। उसने स्कूलों और दुकानदारों के बीच कथित एकाधिकार खत्म करने तथा समान शिक्षा पद्धति लागू करने की बात कही। छात्रा ने खेलकूद को राजनीति से अलग रखने की मांग भी रखी। सिंघार ने छात्रा की ओर से उठाए गए मुद्दों पर सहयोग का आश्वासन दिया।
ये भी पढ़ें: सीवन-पार्वती संगम धाम को विश्व पहचान दिलाने का संकल्प, 25 मीटर चुनरी चढ़ाई
कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्र के मुद्दे उठाने की बात कही
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने कहा कि कांग्रेस किसानों, युवाओं और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए उनके बीच पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को संगठन के स्तर पर आगे उठाया जाएगा।





















