Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

लोकसभा में 850 सीटें करने की तैयारी, राष्ट्रपति ने परिसीमन बिल पर दी मंजूरी की सिफारिश

परिसीमन बिल 2026 को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लोकसभा से इस बिल पर विचार करने की सिफारिश की है। प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी हो सकती है। इसके लागू होने पर लोकसभा में कुल सीटें 850 तक पहुंच सकती हैं। जानिए बिल की खास बातें और इसका पूरा गणित।
लोकसभा में 850 सीटें करने की तैयारी, राष्ट्रपति ने परिसीमन बिल पर दी मंजूरी की सिफारिश
लोकसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी का प्रस्ताव, 2051 तक नहीं बदलेगी राज्यों की हिस्सेदारी

देश की राजनीति में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। आने वाले समय में लोकसभा में सांसदों की संख्या बढ़ सकती है। यानी संसद में अब पहले से ज्यादा सांसद नजर आ सकते हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को लोकसभा से 'परिसीमन (सेकंड) विधेयक, 2026' पर विचार करने की सिफारिश की है। यह कदम संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले उठाया गया है। इस बिल में लोकसभा और विधानसभा की सीटें 50 फीसदी तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है। केंद्र सरकार इस बिल को 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलने वाले विशेष सत्र में पेश करने की तैयारी कर रही है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को ही इसे मंजूरी दी थी। इस बिल के साथ संविधान (132वां संशोधन) विधेयक भी संसद में लाया जाएगा। इन दोनों विधेयकों का असर आने वाले वर्षों में देश के चुनावी ढांचे पर पड़ सकता है।

लोकसभा में कितनी हो सकती हैं सीटें?

प्रस्तावित परिसीमन बिल के मुताबिक, देश के हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही विधानसभा सीटों में भी इतनी ही बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। अगर यह प्रस्ताव लागू होता है, तो लोकसभा में कुल सीटों की संख्या बढ़कर 850 तक पहुंच सकती है। इन 850 सीटों में से 815 सीटें राज्यों के लिए और 35 सीटें केंद्र शासित प्रदेशों के लिए रखे जाने का प्रस्ताव है। फिलहाल लोकसभा में कुल 543 निर्वाचित सीटें हैं। ऐसे में प्रस्ताव लागू होने पर संसद में प्रतिनिधियों की संख्या में बड़ा इजाफा देखने को मिलेगा।

2051 तक नहीं बदलेगी राज्यों की हिस्सेदारी

इस पूरी योजना में एक और अहम बात सामने आई है। इसके लिए संविधान (132वां संशोधन) विधेयक भी लाया जा रहा है। इसमें प्रस्ताव है कि साल 2051 तक लोकसभा में हर राज्य की सीटों की हिस्सेदारी पहले जैसी ही बनी रहेगी। इसका मतलब है कि राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का अनुपात नहीं बदलेगा। हालांकि, हर राज्य में सीटों की कुल संख्या बढ़ सकती है। सरकार का प्रस्ताव है कि सीटों की संख्या बढ़ाने के बाद भी राज्यों की आपसी हिस्सेदारी को सुरक्षित रखा जाए।

क्या होता है परिसीमन और इसकी जरूरत क्यों?

परिसीमन का मतलब है चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं तय करना या उनमें बदलाव करना। आसान भाषा में समझें तो इसके तहत यह तय किया जाता है कि किस इलाके में कितने मतदाता होंगे और उस क्षेत्र से कौन सांसद या विधायक चुना जाएगा। देश में फिलहाल लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं 2001 की जनगणना के आधार पर तय हैं। वहीं, राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का बंटवारा 1971 की जनगणना के आधार पर तय ढांचे के अनुसार बना हुआ है। प्रस्तावित बदलाव के तहत हर राज्य की सीटें बढ़ेंगी और चुनाव क्षेत्रों की नई सीमाएं भी तय की जाएंगी।

किस जनगणना के आधार पर तय होंगी नई सीमाएं?

बिल के मुताबिक, परिसीमन के दौरान उस समय उपलब्ध नवीनतम जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किया जाएगा। देश में 2027 की जनगणना की प्रक्रिया जारी है। ऐसे में अगर संशोधन लागू होने के बाद परिसीमन की प्रक्रिया शुरू होती है, तो 2011 की जनगणना को आधार बनाए जाने की संभावना है। नई सीमाएं तय होने के बाद सीटों की संख्या और उनका बंटवारा साल 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव है। अभी जो रोक लागू है, वह 2026 के बाद होने वाली पहली जनगणना के साथ खत्म होनी थी। नए प्रस्ताव के जरिए इस व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है।

राष्ट्रपति की सिफारिश क्यों जरूरी थी?

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान के अनुच्छेद 117(3) के तहत इस बिल पर विचार करने की सिफारिश की है। यह अनुच्छेद उन विधेयकों से जुड़ा है, जिनके लागू होने पर भारत की संचित निधि से पैसा खर्च हो सकता है। नियम के मुताबिक, ऐसे विधेयक को संसद के किसी भी सदन से पारित कराने से पहले राष्ट्रपति की सिफारिश जरूरी होती है। 'बार एंड बेंच' की रिपोर्ट के अनुसार, इसी संवैधानिक प्रक्रिया के तहत राष्ट्रपति ने लोकसभा को यह सिफारिश भेजी है। अब सबकी नजर संसद के विशेष सत्र पर है। इस दौरान दोनों विधेयक पेश किए जाने हैं। अगर इन्हें मंजूरी मिलती है, तो देश में लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या के साथ चुनाव क्षेत्रों का ढांचा भी बदल सकता है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts