भोपाल में रैपिडो चालक की युवती से अभद्रता, ज्यादा किराया मांगने पर हुआ विवाद, व्हाट्सऐप पर भेजीं अश्लील तस्वीरें; FIR दर्ज

भोपाल में रैपिडो राइड कैंसिल करने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर मामले में बदल गया है। राजधानी के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवती ने रैपिडो ऑटो चालक पर गाली-गलौज करने, रास्ते में उतारने और व्हाट्सऐप पर अश्लील तस्वीरें भेजने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि चालक ने पहले तय किराए से ज्यादा पैसे मांगे और विरोध करने पर उसके साथ अभद्रता की। इतना ही नहीं, राइड खत्म होने के बाद भी वह लगातार फोन और मैसेज करता रहा। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान करोंद निवासी मोहम्मद मुस्तकीन के रूप में बताई गई है।
ज्यादा किराया मांगने पर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 20 नवंबर की है। 22 वर्षीय युवती ने भोपाल के बागसेवनिया इलाके से हबीबगंज जाने के लिए रैपिडो के जरिए ऑटो बुक किया था। युवती शॉपिंग के लिए जा रही थी। शुरुआत में राइड बुक होने के बाद सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ देर बाद किराए को लेकर विवाद शुरू हो गया।युवती का आरोप है कि ऑटो चालक ने बुकिंग के समय तय किराए से ज्यादा रकम मांगनी शुरू कर दी। जब उसने अतिरिक्त पैसे देने से इनकार किया तो चालक ने रास्ता भटकने की बात कहकर फिर से ज्यादा किराया मांगा। इस पर युवती ने विरोध किया। आरोप है कि चालक ने युवती पर राइड कैंसिल करने का दबाव बनाया। दोनों के बीच बहस बढ़ने पर चालक ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी।
रास्ते में उतारा, फिर व्हाट्सऐप पर भेजीं अश्लील तस्वीरें
युवती के मुताबिक, जब उसने राइड कैंसिल करने से इनकार किया तो चालक ने उसे रास्ते में ही उतार दिया। हालांकि, मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। युवती का आरोप है कि इसके बाद चालक ने उसके मोबाइल नंबर पर लगातार फोन करना शुरू कर दिया। आरोप है कि चालक ने व्हाट्सऐप पर आपत्तिजनक संदेश भेजने के साथ अपने निजी अंगों की तस्वीरें भी भेजीं। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि चालक ने बातचीत के दौरान धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और उसे अपमानित करने की कोशिश की। लगातार फोन और अश्लील मैसेज आने से युवती मानसिक रूप से परेशान हो गई। इसके बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस से करने का फैसला लिया।

बागसेवनिया थाने में दी शिकायत
घटना के बाद युवती बागसेवनिया थाने पहुंची और आरोपी चालक के खिलाफ लिखित शिकायत दी। युवती का आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे वापस भेज दिया, लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी उसे कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली। इसके बाद युवती ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दोबारा पुलिस तक पहुंचने के बाद युवती के बयान दर्ज किए गए और मामले की जांच शुरू हुई। युवती ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद कार्रवाई में देरी हो रही थी। इसी वजह से उसने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया।
बजरंग दल के कार्यकर्ता भी पहुंचे थाने
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला भेल बजरंग दल के कार्यकर्ता भी बागसेवनिया थाने पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने युवती की शिकायत पर कार्रवाई की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। मामले में आरोपी की पहचान करोंद निवासी ऑटो चालक मोहम्मद मुस्तकीन के रूप में बताई गई है। उसे हिरासत में लिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, मामले में आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर होनी बाकी है।
आरोपी के मोबाइल और व्हाट्सऐप चैट की जांच कर रही पुलिस
बागसेवनिया थाना पुलिस अब मामले से जुड़े डिजिटल सबूत जुटाने में लगी है। जांच के तहत आरोपी के मोबाइल फोन और व्हाट्सऐप चैट की पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती को किस तरह के संदेश और तस्वीरें भेजी गई थीं। इसके अलावा, कॉल रिकॉर्ड और बातचीत से जुड़े अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा सकती है। इन सबूतों के आधार पर घटना की पूरी कड़ी समझने और आरोपों की पुष्टि करने की कोशिश की जा रही है।

ऑनलाइन कैब बुकिंग की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
भोपाल में सामने आया यह मामला ऑनलाइन राइड बुकिंग की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े करता है। आज बड़ी संख्या में लोग ऑफिस, कॉलेज, बाजार और अन्य जगहों पर आने-जाने के लिए रैपिडो, ओला और उबर जैसी सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं। खासकर अकेले सफर करने वाली महिलाओं के लिए ड्राइवर का व्यवहार और यात्रा के दौरान सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है।



















