बदलापुर यौन शोषण केस : स्कूल प्रेसिडेंट और सेक्रेटरी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी के एनकाउंटर पर बॉम्बे हाईकोर्ट में सुनवाई आज

मुंबई। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर में दो बच्चियों के साथ यौन शोषण मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने स्कूल प्रेसिडेंट उदय कोटवाल और सेक्रेटरी तुषार आप्टे को गिरफ्तार किया है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने 1 अक्टूबर को दोनों की अग्रिम जमानत खारिज कर दी थी, साथ ही उन्हें गिरफ्तार नहीं किए जाने के लिए पुलिस को कड़ी फटकार भी लगाई थी। ठाणे क्राइम ब्रांच दोनों को SIT को सौंपेगी, जो पूरे मामले की जांच कर रही है।
बदलापुर में 12 और 13 अगस्त को स्कूल के गर्ल्स वॉशरूम में एक स्वीपर ने किंडरगार्टन में पढ़ने वाली 3 और 4 साल की दो बच्चियों का यौन शोषण किया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी अक्षय शिंदे (24 साल) को 17 अगस्त को गिरफ्तार किया था। 23 सितंबर को पुलिस एनकाउंटर में उसकी मौत हो गई। बॉम्बे हाईकोर्ट में आज एनकाउंटर पर सुनवाई होगी। कोर्ट ने 25 सितंबर को पिछली सुनवाई में एनकाउंटर को लेकर कई सवाल उठाए थे।
बदलापुर एनकाउंटर
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे अक्षय शिंदे को उसकी पूर्व पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस वाहन में नवी मुंबई की तलोजा जेल से बदलापुर ले जाया जा रहा था। जांच के बाद जेल लौटते समय आरोपी ने असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर (API) निलेश मोरे की रिवॉल्वर छीनी। आरोपी ने 3 गोलियां चलाईं। 1 गोली API मोरे की जांघ पर लगी। SI संजय शिंदे ने गोली चलाई, जो आरोपी के सिर पर लगी। क्राइम ब्रांच आरोपी शिंदे को अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।आरोपी की मौत मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए – HC
बॉम्बे हाई कोर्ट ने एनकाउंटर मामले में बुधवार (25 सितंबर) को कहा कि, बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले के आरोपी अक्षय शिंदे की मुठभेड़ में हुई मौत की जांच निष्पक्ष तरीके से की जानी चाहिए। अदालत ने कहा कि अगर पुलिस ने पहले शिंदे को काबू करने की कोशिश की होती तो गोलीबारी से बचा जा सकता था और इस बात पर विश्वास करना बहुत मुश्किल है कि उसने एक पुलिस अधिकारी से पिस्तौल छीनकर गोलियां चलाईं। कोर्ट ने पूछा कि आरोपी के सिर पर गोली कैसे लगी, जबकि पुलिस को कहां गोली चलानी है, इसकी ट्रेनिंग दी जाती है। पुलिस को हाथ या पैर पर गोली चलानी चाहिए थी।




















