Aurangabad News : एक लाख का इनामी नक्सली गिरफ्तार, 17 से ज्यादा मामले दर्ज

Aurangabad News : एक लाख का इनामी नक्सली गिरफ्तार, 17 से ज्यादा मामले दर्ज
औरंगाबाद। बिहार की औरंगाबाद जिला पुलिस ने एक लाख रुपए के इनामी और 17 अपराधिक कांडों में फरार प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी से जुड़े नक्सली एरिया कमांडर को गिरफ्तार किया है। एसपी स्वप्ना गौतम मेश्राम ने सोमवार को बताया कि नक्सली अपने क्षेत्र में ईंट भट्ठा, सड़क निर्माण कंपनी एवं अन्य सरकारी निर्माण कार्य से जुड़े कंपनियों से लेवी वसूलता था।

नक्सली पर 17 मामले दर्ज

गिरफ्तार नक्सली 17 कांडों में नामजद आरोपी है। इस पर औरंगाबाद जिले के मदनपुर, गोह, रफीगंज, पौथू एवं गया जिले के मुफ्फसिल एवं कोडरमा थाना में कांड दर्ज हैं।

ईंट भट्ठा पर जेसीबी में लगाई थी आग

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए नक्सली की पहचान गोह थाना क्षेत्र के जुझारपुर गांव निवासी बिहारी रवानी उर्फ श्याम बिहारी चंद्रवंशी के रूप में की गई है। 4 जून की मध्य रात्रि रफीगंज थाना क्षेत्र के पोगर गांव स्थित उषा ईंट भट्ठा पर हरवे हथियार से लैस नक्सलियों की एक टीम पहुंची थी और पिछले पांच सालों में लेवी नहीं पहुंचाने की बात को लेकर भट्ठा मालिक के पुत्र, कर्मी एवं जे.सी.बी. चालक के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी थी। इस दौरान नक्सलियों ने जेसीबी मशीन में आग लगा दी थी। घटना को लेकर भट्ठा मालिक ने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें सात नामजद एवं दो अज्ञात नक्सलियों के विरुद्ध मामला दर्ज करवाया था। मामले की गंभीरता के आधार पर एसपी स्वप्ना गौतम मेश्राम के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वितीय अमित कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। जिसमें रफीगंज थाना क्षेत्र के चंदौल से नक्सली गिरफ्तार किया गया। वहीं, पूछताछ में नक्सली ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अन्य घटनाओं को अंजाम देने बात स्वीकार की है। ये भी पढ़ें- Copa America Cup 2024 : पहले फूट-फूटकर रोए Lionel Messi, फिर खिताबी जीत का यूं मनाया जश्न
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts