दिल्ली में कोहरे के साथ बढ़ा प्रदूषण! जहांगीरपुरी का AQI 459, कई इलाकों की हवा बेहद खराब

दिल्ली-एनसीआर में सुबह हल्के कोहरे के बीच प्रदूषण ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता गंभीर स्तर पर पहुंच गई है। जहांगीरपुरी में सबसे ज्यादा 459 AQI दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, दिन में धूप निकलने और मौसम साफ रहने की उम्मीद है, जबकि आने वाले दिनों में ठंड बढ़ सकती है।
दिल्ली में कोहरे के साथ बढ़ा प्रदूषण! जहांगीरपुरी का AQI 459, कई इलाकों की हवा बेहद खराब
दिल्ली में कोहरा और प्रदूषण से बढ़ी परेशानी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सर्दी धीरे-धीरे बढ़ रही है लेकिन लोगों को साफ हवा में सांस लेना मुश्किल हो रहा है। गुरुवार सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्का कोहरा देखने को मिला। इसके साथ ही कई जगहों पर प्रदूषण का स्तर 400 के पार पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को दिल्ली का औसत AQI 377 रहा। वहीं, गुरुवार सुबह जहांगीरपुरी में यह बढ़कर 459 दर्ज किया गया। खराब हवा के बीच मौसम विभाग ने आज आसमान साफ रहने और दिन में धूप निकलने का अनुमान जताया है।

सुबह कोहरे की चादर में दिखी राजधानी

गुरुवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में हल्का कोहरा छाया रहा। इसके कारण कुछ जगहों पर सामने की चीजें देखने में परेशानी हुई। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने की उम्मीद है। आज आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इस दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा से 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

छत्तीसगढ़ में पुनर्वासित नक्सलियों का फूटा सब्र, कलेक्टर को सौंपा 16 सूत्रीय मांग पत्र, बोले- नौकरी नहीं मिली तो 15 लाख रुपये दो

जहांगीरपुरी में सबसे ज्यादा 459 पहुंचा AQI

दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति लगातार चिंता बढ़ा रही है। CPCB के अनुसार, बुधवार 4 नवंबर को राजधानी का औसत AQI 377 दर्ज किया गया था। वहीं, गुरुवार सुबह 6 बजे के आंकड़ों में कई इलाकों की हवा और खराब मिली। जहांगीरपुरी में सबसे ज्यादा 459 AQI दर्ज किया गया। इसके अलावा IIT दिल्ली में 450, पंजाबी बाग में 448, DTU में 437 और विवेक विहार में 436 AQI रहा। अलीपुर में 433, मुंडका में 423, ITO में 414 और बवाना में 413 दर्ज किया गया। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में AQI 393 रहा।

प्रदूषित हवा से सेहत को हो सकता है नुकसान

400 से ऊपर का AQI गंभीर श्रेणी में आता है। ऐसी हवा में सांस लेने से स्वस्थ लोगों को भी परेशानी हो सकती है। वहीं, अस्थमा और सांस से जुड़ी बीमारी वाले लोगों की दिक्कत बढ़ सकती है। डॉक्टरों की सामान्य सलाह के अनुसार, प्रदूषण ज्यादा होने पर बाहर कम निकलना चाहिए। जरूरी काम से बाहर जाते समय अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क पहनना चाहिए। सुबह और शाम खुले में दौड़ने या व्यायाम करने से भी बचना चाहिए। बच्चों और बुजुर्गों को खास सावधानी रखने की जरूरत है।

मछुआरों को बचाने निकले SDRF जवान खुद फंसे! खम्मम में बेथुपल्ली झील में दो नावें पलटीं, 10 कांस्टेबल लापता

अगले सात दिनों तक कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक दिल्ली के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। फिलहाल दिन में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। हालांकि, सुबह और रात के समय ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है। बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी 61 से 98 प्रतिशत के बीच रही। आने वाले दिनों में मौसम के साथ प्रदूषण पर भी नजर रखना जरूरी होगा।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts