असम में फिर BJP सरकार!तीसरी बार हिमंता सरमा बनेंगे CM, PM मोदी की मौजूदगी में होगा भव्य समारोह

गुवाहाटी। असम की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) लगातार तीसरी बार सत्ता संभालने जा रही है। गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में आज भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ कई वरिष्ठ नेताओं को भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई जाएगी। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर नई सरकार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
NDA सरकार का लगातार तीसरा कार्यकाल शुरू
हिमंता बिस्वा सरमा के शपथ लेते ही असम में BJP के नेतृत्व वाली NDA सरकार का लगातार तीसरा कार्यकाल शुरू हो जाएगा। पिछले कुछ वर्षों में BJP ने असम की राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ बनाई है और इस बार भी पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की है।
यह भी पढ़ें: पेट्रोल-डीजल बचाने से लेकर सोना खरीदने तक… PM मोदी की देशवासियों से एक बार फिर बड़ी अपील
अतुल बोरा को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
नई कैबिनेट में सबसे चर्चित नाम असम गण परिषद (AGP) के अध्यक्ष अतुल बोरा का है। उन्होंने 2026 विधानसभा चुनाव में बोकाखाट सीट से जीत हासिल की है। अतुल बोरा लंबे समय से असम की राजनीति का अहम चेहरा रहे हैं। वह 2016 से लगातार बोकाखाट सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इससे पहले वह गोलाघाट सीट से भी विधायक रह चुके हैं। सरकार में उन्हें कृषि, पशुपालन और शहरी विकास जैसे बड़े विभागों का अनुभव है। 2014 से AGP के अध्यक्ष के रूप में भी वह पार्टी की कमान संभाल रहे हैं। माना जा रहा है कि नई सरकार में भी उन्हें महत्वपूर्ण मंत्रालय मिल सकता है।

अजंता नेओग होंगी सरकार का महिला चेहरा
नई सरकार में महिला नेतृत्व को भी खास महत्व दिया गया है। गोलाघाट सीट से जीतकर आईं अजंता नेओग एक बार फिर कैबिनेट में बड़ा चेहरा बनकर उभर रही हैं। अजंता नेओग पिछली सरकार में वित्त मंत्री और महिला एवं बाल विकास मंत्री रह चुकी हैं। वह असम की पहली महिला वित्त मंत्री हैं।
2001 से लगातार विधायक रहीं अजंता नेओग राज्य की सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाली महिला विधायक भी मानी जाती हैं। राजनीतिक अनुभव और प्रशासनिक पकड़ के कारण उन्हें नई सरकार में भी बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना है।
केंद्र सरकार में भी निभा चुके हैं अहम भूमिका
नई मंत्रिपरिषद में रमेश्वर तेली का नाम भी काफी चर्चा में है। वह चाय बागान श्रमिक समुदाय से आते हैं और दुलियाजन सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। रमेश्वर तेली पहले राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। इसके अलावा 2014 से 2024 तक वह डिब्रूगढ़ से लोकसभा सांसद भी रहे। केंद्र सरकार में उन्होंने पेट्रोलियम, श्रम और खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालयों में राज्य मंत्री के रूप में काम किया है।
सहयोगी दल BPF से चरण बोरो को भी मौका
NDA के सहयोगी दल बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) से चरण बोरो की जगह अब चरण बोरो का नाम चर्चा में है। मजबाट सीट से जीतकर आए चरण बोरो को भी कैबिनेट में शामिल किया जाएगा। चरण 2016 से विधायक हैं और पहले परिवहन तथा बोडोलैंड कल्याण जैसे विभाग संभाल चुके हैं।
रंजीत कुमार दास बन सकते हैं नए स्पीकर
असम विधानसभा के नए स्पीकर के रूप में वरिष्ठ BJP नेता रंजीत कुमार दास का नाम लगभग तय माना जा रहा है। उन्होंने भवानीपुर-सोरभोग सीट से चुनाव जीता है। रंजीत कुमार दास पहले पंचायत एवं ग्रामीण विकास जैसे अहम विभाग संभाल चुके हैं। वह BJP के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं और पहले विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
40 से ज्यादा CM और डिप्टी CM की मौजूदगी
आज का शपथ ग्रहण समारोह सिर्फ असम ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से भी बेहद खास माना जा रहा है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय मंत्री सरबानंदा सोनोवाल शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा NDA शासित राज्यों के 40 से ज्यादा मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
असम में BJP के लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से यह साफ हो गया है कि राज्य की राजनीति में पार्टी की पकड़ पहले से और मजबूत हुई है।











